N1Live National चमत्कार से टला विक्रमशिला पुल हादसा, समय रहते खाली कराया गया पुल : एसडीएम
National

चमत्कार से टला विक्रमशिला पुल हादसा, समय रहते खाली कराया गया पुल : एसडीएम

Vikramshila bridge accident averted by miracle, bridge evacuated in time: SDM

4 मई । बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का करीब 25 मीटर लंबा स्लैब टूटकर पूरी तरह गंगा नदी में गिर गया। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भागलपुर और नौगछिया दोनों ओर से पुल पर बैरिकेडिंग कर दी है और आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

मौके पर भागलपुर के सदर एसडीएम विकास कुमार और सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने इलाके को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया है ताकि कोई अनहोनी न हो।

इस मामले में पथ निर्माण प्रमंडल, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार रौशन ने मीडिया से बताया कि पिलर संख्या 33 के क्षतिग्रस्त होने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सदर एसडीएम विकास कुमार ने घटना को लेकर मीडिया से बताया कि यह महज संयोग था कि उस समय ट्रैफिक डीएसपी और पुलिस के जवान पुल पर गश्ती कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुल का हिस्सा धीरे-धीरे गिरना शुरू हुआ, लेकिन समय रहते अलर्ट जारी कर दिया गया था। उन्होंने इसे ईश्वरीय कृपा बताया कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए दो तरह की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। अब सभी वाहन मुंगेर के रास्ते होकर ही आवागमन करेंगे। वहीं नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और इलाज के लिए आने-जाने वालों के लिए बाबूपुर गंगा घाट से जेट्टी, नाव और अन्य इंतजाम जल्द किए जाएंगे। इस संबंध में उच्च स्तर पर टीम को सूचना दे दी गई है और पुल निर्माण से जुड़ी टीम भी जल्द मौके पर पहुंचने वाली है। प्रशासन की ओर से लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सदर एसडीएम ने मीडिया के जरिए लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह का जोखिम न लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

बता दें कि विक्रमशिला सेतु भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बना करीब 4.7 किलोमीटर लंबा एक महत्वपूर्ण पुल है। यह दक्षिण बिहार के भागलपुर को उत्तर बिहार के नवगछिया, पूर्णिया और कटिहार से जोड़ता है। राष्ट्रीय राजमार्ग 131ए का हिस्सा यह दो लेन का पुल रोजाना करीब एक लाख लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया है।

Exit mobile version