N1Live Entertainment विवियन डीसेना फिर बने पिता, बोले- ‘इस बार राजकुमार का जन्म हुआ है’
Entertainment

विवियन डीसेना फिर बने पिता, बोले- ‘इस बार राजकुमार का जन्म हुआ है’

Vivian Dsena becomes a father again, says, 'This time a prince has been born'

30 मार्च । टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता विवियन डीसेना अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बीच सोमवार को विवियन डीसेना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए एक बड़ी खुशखबरी साझा की। दरअसल, उन्होंने पोस्ट में पिता बनने की खबर दी।

विवियन डीसेना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ”थोड़ा समय के लिए मैं लोगों की नजरों से दूर रहा… लेकिन बेवजह नहीं। कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें पहले जीया जाता है, बताया बाद में जाता है। मेरी खामोशी ही बहुत कुछ कह रही थी… मेरा परिवार अब और बड़ा हो गया है… और इस बार… एक राजकुमार का जन्म हुआ है।”

उनके इस पोस्ट पर हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है।

एक यूजर ने लिखा, ‘ओह माय गॉड! बहुत-बहुत बधाई विवियन, पापा बनने पर ढेर सारी शुभकामनाएं!’

दूसरे यूजर ने लिखा, ‘बहुत शानदार खबर! आपके लिए बहुत खुश हैं, भगवान आपके बेटे को लंबी उम्र दे।’

अन्य यूजर्स ने कमेंट्स में लिखा, ‘आप एक बेहतरीन पिता बनेंगे, ढेर सारी बधाई’, ‘राजा को मिल गया उसका राजकुमार.. बधाई हो!’, ‘भगवान आपके छोटे राजकुमार को हमेशा खुश रखे’, ‘आपकी फैमिली को ढेर सारी खुशियां मिलें, मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं’, और ‘बहुत ही प्यारी खबर, दिल से बधाई और आशीर्वाद’…।

अगर विवियन डीसेना की निजी जिंदगी की बात करें, तो उनकी लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर नूरन अली से शादी की, जो मिस्र की रहने वाली हैं और पेशे से पत्रकार रह चुकी हैं। दोनों की मुलाकात काम के दौरान हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी निजी रखा। बाद में उन्होंने मिस्र में बेहद सादगी से शादी कर ली। शादी के बाद कपल ने बेटी का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने लायन विवियन डीसेना रखा।

बता दें कि विवियन की पहली शादी वाहबीज के साथ 2013 में हुई थी, लेकिन दोनों 2016 में अलग हो गए और 2021 में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने 2022 में नूरन अली से शादी की थी। पहली शादी से उन्हें दो बेटियां हैं।

विवियन हमेशा से अपनी फैमिली को लेकर काफी प्रोटेक्टिव रहे हैं। उनकी पत्नी नूरन भी लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं।

Exit mobile version