N1Live National मुंबई में पुलिस चौकी से वॉकी-टॉकी चोरी, आरोपी अंधेरी स्टेशन से गिरफ्तार
National

मुंबई में पुलिस चौकी से वॉकी-टॉकी चोरी, आरोपी अंधेरी स्टेशन से गिरफ्तार

मुंबई के वीपी रोड पुलिस स्टेशन की बीट चौकी से वॉकी-टॉकी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अंधेरी रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया है और उसके पास से चोरी हुआ वॉकी-टॉकी भी बरामद कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, यह चोरी 17 सितंबर को हुई थी। आरोपी वीपी रोड के दो टैंक बीट पुलिस चौकी में आया था। वह यह पता करने आया था कि यहां कहीं खाना मिलता है या नहीं। इस दौरान चौकी में रखा वॉकी-टॉकी बार-बार बज रहा था।

पुलिस ने बताया कि लगातार बज रहे वॉकी-टॉकी को आरोपी ने चुराया और वहां से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी मुंबई में ही रहता है और रेलवे स्टेशनों के परिसर में ही रहता है। यही उसके ठिकाने हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को ट्रेस करते हुए अंधेरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से परेशान है और इसी वजह से उसने यह चोरी की थी।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में कहा, “वीपी रोड पुलिस स्टेशन की बीट चौकी से वॉकी-टॉकी चोरी का मामला सामने आया था। हमने आरोपी को अंधेरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है और वॉकी-टॉकी बरामद कर लिया है। आरोपी मानसिक रूप से डिस्टर्ब है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।”

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने पहले भी ऐसी कोई घटना की है। पुलिस चौकी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

Exit mobile version