March 19, 2026
Entertainment

‘दो वर्ल्ड कप जीत लिए…’, कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे कमीडियन हर्ष गुजराल का बयान वायरल

‘We have won two World Cups…’, statement of comedian Harsh Gujral who arrived at Kuldeep Yadav’s reception goes viral

19 मार्च । भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों अपनी शादी को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करने वाले कुलदीप ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी रचाई। मसूरी में हुए इस निजी समारोह के बाद लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया, जिसमें क्रिकेट जगत, राजनीति और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हुए।

इस बीच कमीडियन हर्ष गुजराल का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए दिया था।

रिसेप्शन में पहुंचे हर्ष गुजराल ने अपने खास अंदाज में कपल को बधाई दी। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, ”सबसे पहले, मैं कुलदीप को दिल से बधाई देना चाहता हूं। उनका कानपुर से गहरा नाता है, इसलिए हमारे लिए यह और भी खास मौका है। कुलदीप हमारे गृह प्रवेश पर आए थे और आज मैं उनके इस खास मौके पर शामिल होने आया हूं, मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।”

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुलदीप शायद पहले ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 15 दिनों के अंदर दो ‘वर्ल्ड कप’ जीत लिए, एक असली क्रिकेट ट्रॉफी और दूसरा शादी।

हर्ष ने बताया कि कुलदीप उनके घर के बराबर में रहते थे और क्रिकेट खेला करते थे। उन्होंने कहा, ”वह मेरे ठीक बगल में रहते हैं। हम साथ में गली क्रिकेट खेलते थे। अब जब वह बड़े हो गए हैं और आगे बढ़ गए और हम गलियों में रह गए।”

दरअसल, कुलदीप यादव हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इस बड़ी उपलब्धि के बाद उन्होंने उत्तराखंड के मसूरी में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की। यह समारोह भले ही निजी रखा गया था, लेकिन इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।

कुलदीप और वंशिका की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों बचपन के दोस्त रहे हैं और समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। पिछले साल जून 2025 में लखनऊ में उनकी सगाई हुई थी और अब शादी के साथ उन्होंने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है। वंशिका चड्ढा पेशे से एलआईसी में एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर हैं और कानपुर से ताल्लुक रखती हैं।

Leave feedback about this

  • Service