May 18, 2026
National

पश्चिम बंगाल: सुजीत बोस की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने नौकरी घोटाले में की पूर्व नगरपालिका चेयरमैन से पूछताछ

West Bengal: After Sujit Bose’s arrest, ED questions former municipal chairman in job scam

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस द्वारा संचालित दक्षिण दम दम नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन पंचू रॉय सोमवार को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर में पेश हुए। उनसे नगरपालिका में नौकरी के बदले कैश घोटाले के सिलसिले में पूछताछ की गई।

सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पिछले हफ्ते इसी मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस को गिरफ्तार किया था और वे फिलहाल केंद्रीय एजेंसी की हिरासत में हैं। दक्षिण दम दम नगरपालिका में भर्ती अनियमितताओं की जांच के दौरान सुजीत बोस का नाम सामने आया था। ईडी अधिकारियों ने उनसे लंबी पूछताछ करने और दस्तावेजों तथा वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच-पड़ताल करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था।

जांचकर्ताओं को ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे पता चलता है कि बोस ने पैसे के बदले नगरपालिका में नियुक्तियों के लिए कम से कम 150 उम्मीदवारों की सिफारिश की थी। पंचू रॉय का नाम इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दायर चार्जशीट में भी आया था। सीबीआई भी ईडी के साथ मिलकर नगरपालिका भर्ती घोटाले की समानांतर जांच कर रही है।

यह दूसरी बार था. जब पंचू रॉय इस मामले के सिलसिले में ईडी अधिकारियों के सामने पेश हुए। एजेंसी के सामने अपनी पिछली पेशी के दौरान उन्होंने किसी भी तरह के भ्रष्टाचार या अवैध भर्ती गतिविधियों में शामिल होने से इनकार किया था और दावा किया था कि उन्हें भेजा गया समन केवल उन्हें परेशान करने के लिए था।

ईडी को नगरपालिका नौकरी घोटाले के बारे में सबसे पहले तब पता चला, जब वह पश्चिम बंगाल में स्कूल नौकरी घोटाले और उससे जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों की जांच के दौरान तृणमूल कांग्रेस से जुड़े प्रमोटर अयान शील की संपत्तियों पर छापेमारी कर रही थी। इसके बाद कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई को नगरपालिका भर्ती मामले में एक अलग जांच शुरू करने का निर्देश दिया। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, भर्ती अनियमितताओं से जुड़े और भी नाम जांच के दायरे में आ गए।

पूर्व अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस जो उत्तर 24 परगना के बिधाननगर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार तृणमूल कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं, पिछले महीने हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार गए थे।

Leave feedback about this

  • Service