N1Live National पश्चिम बंगाल : उत्तर हावड़ा के विधायक उमेश राय बन सकते हैं मंत्री, समर्थकों में जश्न का माहौल
National

पश्चिम बंगाल : उत्तर हावड़ा के विधायक उमेश राय बन सकते हैं मंत्री, समर्थकों में जश्न का माहौल

West Bengal: North Howrah MLA Umesh Rai may become a minister, celebratory atmosphere among supporters

उत्तर हावड़ा से भाजपा विधायक उमेश राय के मंत्री बनने की संभावना ने उनके समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर दौड़ा दी है। नई भाजपा सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिलने की चर्चा के बीच उत्तर हावड़ा में जश्न का माहौल देखने को मिला। जैसे ही यह खबर सामने आई, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं, एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और खुशी का इजहार किया।

इस मौके पर विधायक उमेश राय ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने उन्हें हमेशा काम करने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी के निर्देश पर उन्होंने मेदिनीपुर, बैरकपुर और डायमंड हार्बर जैसे क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वह उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे।

मंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उमेश राय ने कहा कि उन्हें अभी किसी मंत्रालय या विभाग के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें केवल अगले दिन सुबह बुलाया गया है और बाकी की जानकारी सरकार की ओर से ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार से जुड़े विषयों की घोषणा सरकार ही करेगी।

उमेश राय ने अपनी इस संभावित नई जिम्मेदारी का श्रेय भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मेहनत करके उन्हें चुनाव जिताया और जनता के बीच उनकी पहचान बनाई। उन्होंने अपने सभी सहयोगियों, पार्टी नेताओं और प्रदेश नेतृत्व का भी आभार जताया।

उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें पश्चिम बंगाल की राजनीति में संघर्ष करना और जनता के बीच काम करना सिखाया।

वहीं, उमेश राय की पत्नी ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनके पति ने राजनीति में आगे बढ़ने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। पार्टी ने उनकी मेहनत और ईमानदारी का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत का फल मिलने से पूरा परिवार बेहद खुश है और यह उनके लिए गर्व का क्षण है।

Exit mobile version