May 6, 2026
National

पश्चिम बंगाल: संदेशखाली में चुनाव के बाद हिंसा, गोलीबारी में पुलिस और केंद्रीय बलों के 5 जवान घायल

West Bengal: Post-poll violence in Sandeshkhali, 5 police and central forces personnel injured in firing

6 मई । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भी हिंसक घटनाओं का सिलसिला जारी है। मंगलवार देर रात संदेशखाली में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। इस दौरान गोलीबारी में पुलिस और केंद्रीय बलों के 5 जवान भी घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, न्याजत पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत संदेशखाली में ग्रामीणों को डराने-धमकाने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम पर हमला किया गया। हमले में तीन पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान घायल हो गए। सभी घायल जवानों को कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर सॉकेट बम बरामद किए और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।

एक स्थानीय महिला ने बताया, “पुलिस आई थी। हमें कुछ नहीं पता। हम अपने परिवार के साथ घर के अंदर थे। पुलिस हमारे घर में घुसी और मेरे पति को अपने साथ ले गई। मेरे पति बेकसूर हैं। मुझे नहीं पता कि वे उन्हें क्यों ले जा रहे हैं…”

एक अन्य महिला ने कहा, “कुछ लोगों का एक समूह इधर-उधर घूम रहा था। वे कुछ जगहों को नुकसान पहुंचा रहे थे और अफरा-तफरी मचा रहे थे। जब उन्होंने पुलिस को देखा, तो सभी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे और अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। हमें समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा था।”

ज्ञात है कि पश्चिम बंगाल का संदेशखाली क्षेत्र ममता बनर्जी की सरकार में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, जमीनों पर जबरन कब्जे और यातनाओं के आरोपों के बाद चर्चा में आया था। इन घटनाओं में टीएमसी नेताओं पर गंभीर आरोप लगे थे। हालांकि, इस बार संदेशखाली विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। भाजपा के उम्मीदवार सनत सरदार ने 17,510 वोटों के अंतर से टीएमसी की झारना सरदार को हराया।

Leave feedback about this

  • Service