N1Live Entertainment जब अमरीश पुरी ने स्मिता पाटिल को जड़ दिया था असली थप्पड़, अभिनेता ने बताया था कारण
Entertainment

जब अमरीश पुरी ने स्मिता पाटिल को जड़ दिया था असली थप्पड़, अभिनेता ने बताया था कारण

When Amrish Puri slapped Smita Patil for real; the actor revealed the reason.

भारतीय सिनेमा के इतिहास में कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिन्हें आज भी उनकी दमदार कहानी और शानदार अभिनय के लिए याद किया जाता है। ऐसी ही एक फिल्म थी ‘भूमिका’, जिसमें दिग्गज कलाकार स्मिता पाटिल और अमरीश पुरी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सालों बाद काफी चर्चा में है, जिसमें अमरीश पुरी ने स्मिता पाटिल को असली में थप्पड़ मार दिया था।

इस घटना का खुलासा खुद अमरीश पुरी ने एक पुराने टॉक शो ‘जीना इसी का नाम है’ में किया था। उन्होंने बताया, ”फिल्म के एक सीन में मुझे स्मिता पाटिल को बाहर जाने से रोकना था। इस दौरान मुझे गुस्से में आकर उन्हें थप्पड़ मारना था। निर्देशक श्याम बेनेगल चाहते थे कि यह पूरी तरह वास्तविक लगे।”

अमरीश पुरी ने आगे कहा, ”शूटिंग शुरू होने से पहले मेरे मन में एक विचार आया। मैंने श्याम बेनेगल से पूछा कि क्या मैं इस सीन में सचमुच स्मिता पाटिल को थप्पड़ मार सकता हूं, ताकि सीन में दिखाई देने वाली प्रतिक्रिया पूरी तरह स्वाभाविक लगे। मेरा ये सुझाव उन्हें पसंद आया और उन्होंने तुरंत इसकी अनुमति दे दी।”

इसके बाद जब कैमरा चल रहा था और सीन की शूटिंग शुरू हुई, तब अमरीश पुरी ने अचानक स्मिता पाटिल को सच में थप्पड़ मार दिया, क्योंकि स्मिता को इस बारे में पहले से कुछ नहीं बताया गया था, इसलिए उनके चेहरे पर जो एक्सप्रेशन आए, वे पूरी तरह वास्तविक थे।

अमरीश पुरी ने कहा कि दर्शक फिल्म में उस सीन को देखकर आसानी से समझ सकते हैं कि स्मिता की प्रतिक्रिया कितनी स्वाभाविक थी।

फिल्म ‘भूमिका’ का निर्देशन श्याम बेनेगल ने किया था। इस फिल्म में स्मिता पाटिल और अमरीश पुरी के अलावा अमोल पालेकर, अनंत नाग और नसीरुद्दीन शाह भी अहम रोल में नजर आए थे यह फिल्म मशहूर मराठी अभिनेत्री हंसा वाडकर की आत्मकथा ‘सांगटे आइका’ से प्रेरित थी।

अमरीश पुरी और स्मिता पाटिल की जोड़ी भी भारतीय सिनेमा की यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों कलाकारों ने अपने करियर में कुल 16 फिल्मों में साथ काम किया। उनकी पहली फिल्म ‘निशांत’ थी और आखिरी बार दोनों साथ में ‘वारिस’ फिल्म में साथ नजर आए थे।

Exit mobile version