September 9, 2026
Entertainment

जब सुनीता आहूजा ने चैट शो में गोविंदा को बताया था ‘बेहतरीन पति’

When Sunita Ahuja called Govinda an ‘excellent husband’ on a chat show.

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने वैवाहिक संबंधों में आई परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, एक समय ऐसा भी था जब सुनीता ने कहा था कि वह गोविंदा जैसा पति पाकर खुद को बेहद भाग्यशाली मानती हैं। गोविंदा और सुनीता जब लोकप्रिय चैट शो ‘रॉन्डिवू विद सिमी गरेवाल’ में पहुंचे थे, तब शो की मेजबान और वरिष्ठ अभिनेत्री सिमी ग्रेवाल ने सुनीता से पूछा था कि गोविंदा से शादी करने की सबसे अच्छी बात क्या है?

इस पर सुनीता ने जवाब दिया था, “असल में वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह कभी झूठ नहीं बोलते।” हालांकि, यह सुनकर गोविंदा हंसने लगे तो सुनीता ने मजाक करते हुए कहा, “हंसिए मत, नहीं तो मैं सच बोल दूंगी।” जब सिमी ग्रेवाल ने पूछा कि क्या वह सच नहीं बोल रही हैं, तो सुनीता ने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ गोविंदा के साथ मजाक कर रही थीं।

सुनीता ने आगे कहा था, “वह बहुत अच्छे पति हैं। मैं झूठ नहीं बोल रही हूं। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे उनके जैसा पति मिला।” गौरतलब है कि सुनीता ने दिसंबर 2024 में बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत ने दोनों को काउंसलिंग सत्रों में शामिल होने का निर्देश दिया था, लेकिन गोविंदा इसमें शामिल होने के इच्छुक नहीं थे।

हाल ही में सुनीता ने सार्वजनिक रूप से गोविंदा और कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के कथित रिश्ते को लेकर भी सवाल उठाए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंदा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने सुनीता को अपनी भाषा पर संयम रखने की सलाह दी थी। इसी साल 19 अगस्त को सुनीता ने अपनी तलाक याचिका वापस ले ली थी।

इसकी पुष्टि करते हुए गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने आईएएनएस से कहा था, “सुनीता जी ने जो याचिका पहले अदालत में दाखिल की थी, उसे वापस लेने के लिए वह खुद कोर्ट गई थीं।” इसके अलावा, गोविंदा ने एक सार्वजनिक नोटिस भी जारी किया था। इसमें उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स, मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी दी थी कि उनके या उनके परिवार से जुड़ी कोई भी झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत या अपुष्ट सामग्री प्रकाशित या साझा न करें।

गोविंदा ने चेतावनी दी थी कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ 100 करोड़ रुपए तक के हर्जाने का दावा किया जा सकता है।

Leave feedback about this

  • Service