June 26, 2026
National

दिल्ली के ख्याला में दहेज के लिए प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या, पति-ससुर गिरफ्तार

Woman commits suicide in Delhi’s Khyala after being harassed for dowry; husband and father-in-law arrested.

दिल्ली के ख्याला थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के चलते हुई एक महिला की मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला को शादी के बाद से ही दहेज की मांग और संतान न होने के कारण लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि 24 जून को ख्याला थाना में डीडी नंबर 46ए के तहत एक महिला की मौत की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी एसआई मोहित बंसल मौके पर पहुंचे। रघुबीर नगर स्थित किराए के कमरे में करीब 24 वर्षीय काजल पत्नी रोहन मृत अवस्था में मिली। मौके पर उसके गले पर फंदे का निशान पाया गया तथा खिड़की की ग्रिल से बंधी एक चुन्नी भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलने पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जब्त किए।

जांच में पता चला कि काजल की शादी करीब तीन वर्ष पहले रोहन से हुई थी और दंपति की कोई संतान नहीं थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना एसडीएम, राजौरी गार्डन को दी गई। काजल को गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एसडीएम की मौजूदगी में मृतका के माता-पिता और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर 25 जून को ख्याला थाना में एफआईआर दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ ख्याला के नेतृत्व तथा एसीपी तिलक नगर की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई। स्थानीय खुफिया जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रोहन (30), जो बर्तन बेचने का काम करता है, तथा उसके पिता राजेश (56) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि शादी के बाद से काजल को दहेज और पैसों की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि मांगें पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था। साथ ही, शादी के तीन वर्ष बाद भी संतान न होने के कारण उसे ताने दिए जाते थे और प्रताड़ित किया जाता था।

पुलिस का मानना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना के चलते काजल ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले में अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

Leave feedback about this

  • Service