July 1, 2026
Sports

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज को हराकर 8वीं बार फाइनल में ऑस्ट्रेलिया, कप्तान मोलिनक्स ने टीम को सराहा

Women’s T20 World Cup: Australia reach final for the 8th time after defeating West Indies; Captain Molineux praises the team.

 

लंदन,ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ छह बार की चैंपियन टीम ने 8वीं बार खिताबी मैच में जगह बनाई है। जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनक्स ने अपनी टीम के संयम और हरफनमौला प्रदर्शन की तारीफ की।

 

 

वेस्टइंडीज को 125/7 के स्कोर पर रोकने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम से बेथ मूनी (नाबाद 61) और एशले गार्डनर (नाबाद 35) ने शानदार पारियां खेलीं। इससे पहले, मोलिनक्स, गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट लेकर इस बड़ी जीत की नींव रखी थी।

 

फाइनल तक ऑस्ट्रेलिया के अजेय सफर पर बात करते हुए मोलिनक्स ने कहा कि टीम ने बहुत आगे की सोचने के बजाय टूर्नामेंट का मुकाबले का लुत्फ उठाने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप में आपको बस हालात के साथ चलना होता है। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। पूरी टीम ने इसका लुत्फ उठाया है। शायद हमारे लिए यही सबसे बड़ी बात है। हमने खुद को बहुत आगे की सोचने से रोका है। अब हम फाइनल के बारे में सोच सकते हैं, जो बहुत अच्छी बात है।”

 

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने पावरप्ले के दौरान सीमर्स पर भरोसा बनाए रखने के अपने फैसले के बारे में भी बताया। हेली मैथ्यूज और कियाना जोसेफ की सधी हुई शुरुआत के बाद यह फैसला फायदेमंद साबित हुआ।

 

मोलिनक्स ने कहा, “किमी (किम गार्थ) गेंद को दोनों तरफ बहुत अच्छे से स्विंग कराती हैं और पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी करती हैं। लुसी ने भी बहुत अच्छा काम किया। उन दोनों (मैथ्यूज और जोसेफ) के खिलाफ यही सबसे अच्छा मैचअप था। हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हेले और जोसेफ ने हम पर हावी होने की कोशिश की, लेकिन हमने अपना संयम बनाए रखा, जो बहुत अच्छी बात थी।”

 

शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने छोटे से लक्ष्य को कभी मुश्किल नहीं होने दिया। मूनी और गार्डनर ने सुनिश्चित किया कि अंत में कोई घबराहट न हो। उन्होंने कहा, “हम बस इसे जल्द से जल्द पूरा करना चाहते थे। मून्स और ऐश ने बहुत सधा हुआ खेल दिखाया। वॉली ने हमें अच्छी शुरुआत दिलाई और ड्रेसिंग रूम में हमारे घबराहट को शांत किया। यह देखना वाकई अच्छा था।”

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए जब एलिस पेरी को जांघ की मांसपेशियों में थोड़ी दिक्कत महसूस हुई और वह रियाटर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चली गईं, तो थोड़ी चिंता हुई थी, लेकिन मोलिनक्स ने रविवार को होने वाले फाइनल मैच में इस अनुभवी ऑलराउंडर के खेलने को लेकर जताई जा रही आशंकाओं को खारिज कर दिया।

 

उन्होंने कहा, “उन्हें बस जांघ की मांसपेशियों में थोड़ी दिक्कत महसूस हुई थी। ऐसा लगता है कि रविवार को खेलने के लिए वह पूरी तरह फिट रहेंगी।”

 

खिताबी मुकाबले में पांच दिन शेष हैं, ऐसे में मोलिनक्स ने कहा कि टीम पहले इस कामयाबी का जश्न मनाएगी और उसके बाद चैंपियनशिप मैच पर ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने कहा, “मैं आज रात अच्छी नींद लेने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लड़कियों के लिए पिछले दो हफ्ते जो बहुत शानदार रहे हैं, हम उसका जश्न मनाएं। हम ऐसा जरूर करेंगे। हम थोड़ा आराम करेंगे और रिकवरी करेंगे, और फिर बिना ज्यादा सोचे-समझे आगे की तैयारी करेंगे। हम बार-बार उस मैच के बारे में सोचेंगे।”

Leave feedback about this

  • Service