उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना जाफराबाद इलाके के चौहान बांगर मिल्लत मस्जिद के नजदीक इन्वेंटर बॉक्स की फैक्ट्री में 19 साल के साहिल की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी मच गई है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम करने वाले दोस्त ने ही साहिल की हत्या की है।
पुलिस ने बताया कि रविवार को रात लगभग 10:15 बजे जाफराबाद पुलिस स्टेशन को जेपीसी हॉस्पिटल से एक व्यक्ति के बारे में सूचना मिली। उसे चाकू से वार होने पर घायल होने के कारण हॉस्पिटल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने पर मृत) घोषित कर दिया। मृतक की पहचान साहिल (19 वर्ष) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के अमरोहा का रहने वाला था और फहीम का बेटा था।
साहिल चौहान बांगर की गली नंबर 4 में स्थित आजम खान (गौस मोहम्मद के बेटे) की फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था। जांच के दौरान पता चला कि साहिल को कथित तौर पर उसके ही एक साथी कर्मचारी ने चाकू मारा था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और जरूरी सबूत इकट्ठा किए। जाफराबाद पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। संदिग्ध का जल्द से जल्द पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। आगे की जांच जारी है।
वहीं, पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मयूर विहार फेस-3 इलाके में रविवार सुबह करीब 5:00 बजे अज्ञात लोगों ने लाठी और डंडों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदा लोगों की सूचियों से इसका मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद की ओर इशारा कर रही है, लेकिन असली वजह आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगी।

