मस्कट ओमान में चल रही एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर महिला और पुरुष टीमों ने गुरुवार को बड़ी जीत हासिल करते हुए अपने-अपने एलीट पूल में अजेय रहने का सिलसिला जारी रखा। महिला टीम ने कजाकिस्तान पर 10-0 से शानदार जीत दर्ज की, जबकि पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 8-3 से हराया।
भारतीय महिला टीम ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की। नौशीन नाज ने पहले ही मिनट में दो गोल किए और भारतीय टीम को अहम बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहीं संदीप कुमारी (11वें, 16वें, 18वें मिनट में तीन गोल दागते हुए हैट्रिक लगाई, जबकि नौशीन ने पहले ही हाफ में भारत की ओर से चार गोल किए। किरण एक्का (15वें मिनट), नीलम टोपनो (17वें मिनट) और पुष्पा मांझी (19वें मिनट) ने भी एक-एक गोल करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान निभाया।
भारतीय पुरुष टीम के लिए बांग्लादेश के खिलाफ मैच का पहला हाफ काफी कड़ा मुकाबला रहा। कप्तान और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ केतन कुशवाहा (4वें, 8वें मिनट) और शाहरुख अली (3वें मिनट) के गोल की बदौलत भारत 3-2 से आगे था। हालांकि, मो. होसेन (6वें मिनट) और सोहराब सोटोन (8वें मिनट) के गोल ने बांग्लादेश को भारत के करीब बनाए रखा।
भारत ने दूसरे हाफ में कुशवाहा के दो और गोल तथा रोमित पाल, प्रहलाद राजभर और राहुल यादव के एक-एक गोल के साथ अपनी बढ़त बढ़ाई। इस दौरान बांग्लादेश केवल एक और गोल कर सका, जिसमें सोटोन ने अपना दूसरा गोल (ब्रेस) पूरा किया। महिला टीम अब चीन और उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जबकि पुरुष टीम 24 जुलाई को ओमान और पाकिस्तान का सामना करेगी। यह टूर्नामेंट पहली बार होने वाले एफआईएच यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। इससे पहले, सोमवार को भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की।


Leave feedback about this