July 14, 2026
National

विवाद में पड़ोसी ने युवक की गोली मारकर हत्या की, जांच में जुटी पुलिस

8-month pregnant woman dies in bus accident near Ferozepur

19 जून । ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित अच्छेजा गांव की रॉयल सिटी सोसाइटी में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे, लेकिन किसी बात को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक पक्ष ने दूसरे पर गोली चला दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को थाना बादलपुर पुलिस को सूचना मिली कि रॉयल सिटी, ग्राम अच्छेजा छपरौला में रहने वाले जीवन किशोर पुत्र रामदास को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल जीवन किशोर को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक जीवन किशोर की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र के निवासी थे।

बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से रॉयल सिटी सोसाइटी में रह रहे थे। घटना के समय उनका अपने पड़ोसी विशाल कश्यप से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई, जिसमें जीवन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service