September 22, 2026
Entertainment General News

बिग बॉस में पति आसिफ की लव गिल से दोस्ती पर ट्रोलिंग से भड़कीं पत्नी जेबा, बोलीं-क्लिप देखकर जज मत करो

‘बिग बॉस-20’ कंटेस्टेंट आसिफ खान की पत्नी जेबा ने उनकी शादी टूटने की अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी। शो में आसिफ और उनके साथी कंटेस्टेंट लव गिल की बढ़ती नजदीकियों के बाद से ये चर्चाएं तेज हो गई थीं। जेबा ने सोशल मीडिया पर लोगों से कहा कि वे छोटे-छोटे क्लिप देखकर राय न बनाएं, बल्कि 24 घंटे के लाइव फीड को देखकर ही किसी नतीजे पर पहुंचें।

दरअसल, बिग बॉस के घर के अंदर से आसिफ और लव के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद कुछ लोगों ने उनकी दोस्ती पर सवाल उठाए और कहा कि इससे उनकी शादी पर असर पड़ सकता है।

जेबा ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लोगों को गलत धारणाएं बनाने पर बातें साफ कीं। उन्होंने लिखा, “आसिफ की पत्नी होने के नाते मैं ये बात साफ करना चाहती हूं कि जो लोग मेरे पति के बारे में अलग-अलग कहानियां बना रहे हैं। मैं खासतौर पर शो के कुछ खास पलों और हमारी शादी पर उठ रहे सवालों की बात कर रही हूं।”

जेबा ने सोशल मीडिया पर वायरल छोटे-छोटे क्लिप्स पर भरोसा करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “प्लीज सोशल मीडिया पर चल रहे कुछ क्लिप्स को देखकर जज मत कीजिए, 24*7 लाइव फीड देखिए।आप देखेंगे कि वो मेरे बारे में, हमारी जिंदगी और हमारे रिश्ते के बारे में कितनी बार बात करता है। कुछ सेकंड के क्लिप्स में वो कभी नहीं दिखेगा, जो आप लाइव फीड में देखेंगे।”

आसिफ खान की सराहना करते हुए जेबा ने लिखा, “वो मेरे वही पति हैं, जिसे मैं जानती हूं। हमारे रिश्ता बहुत मजबूत है, हमारी समझदारी पक्की है और हमें यहां कुछ भी सफाई देने या साबित करने की जरूरत नहीं है। अंदर हर कोई अपना-अपना गेम खेल रहा है। उन्हें खेलने दीजिए लेकिन प्लीज इस गेम को किसी के कैरेक्टर या शादी पर सवाल उठाने का जरिया मत बनाइए।”

जेबा ने पति के सपोर्ट की अपील करते हुए लिखा, “तो जो भी देख रहा है आसिफ को देखिए, उसकी जर्नी देखिए, उसे खुद परखिए और वो जैसा है वैसा ही उसे सपोर्ट कीजिए। कुछ क्लिप्स एक कहानी बना सकते हैं लेकिन वे सच को नहीं बदल सकते।”

Leave feedback about this

  • Service