March 12, 2026
National

नोएडा: फैक्ट्री में भीषण आग, 10 घंटे बाद भी पूरी तरह काबू नहीं, 40 से अधिक लोग घायल

Noida: Massive factory fire still under control even after 10 hours, over 40 injured

12 मार्च । नोएडा के सेक्टर-4 स्थित निजी कंपनी में गुरुवार तड़के लगी भीषण आग पर 10 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। सुबह करीब 5 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फैक्ट्री में इलेक्ट्रॉनिक मीटर बनाने का काम होता है।

आग इतनी भयानक थी कि नोएडा के अलावा गाजियाबाद और हापुड़ से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। करीब तीन दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि जिस फैक्ट्री में आग लगी है, वहां इलेक्ट्रॉनिक मीटर बनाने का काम होता है। आग लगने के समय कंपनी में नाइट शिफ्ट चल रही थी और लगभग 200 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक आग फैलने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई कर्मचारियों को पहली और दूसरी मंजिल से कूदना पड़ा। कुछ कर्मचारियों ने अपनी शर्ट को जोड़कर रस्सी बनाई और उसी के सहारे नीचे उतरकर जान बचाई।

घटना में अब तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अलग-अलग निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से करीब 11 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।

एक गंभीर रूप से घायल युवक को वेंटिलेटर पर रखकर ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। भगदड़ और ऊंचाई से कूदने के कारण कई मजदूरों के हाथ-पैर टूट गए, जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोट आई है।

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग का मुख्य केंद्र फैक्ट्री का बेसमेंट बताया जा रहा है, जहां अभी भी आग धधक रही है। बेसमेंट तक पहुंचने और आग बुझाने में कठिनाई होने के कारण बुलडोजर की मदद से बेसमेंट के हिस्से को तोड़ा जा रहा है ताकि अंदर तक पानी पहुंचाया जा सके।

नोएडा प्राधिकरण भी मौके पर पानी की आपूर्ति कराने में सहयोग कर रहा है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार फैक्ट्री के अंदर इलेक्ट्रॉनिक मीटर की बैटरियों में विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

फिलहाल, थाना फेज-1 क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर फायर विभाग और पुलिस की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service