March 27, 2024
Chandigarh Punjab

कनाडा स्थित आतंकवादी गोल्डी बराड़ गैंग का सदस्य गिरफ्तार

चंडीगढ़, कनाडा स्थित आतंकवादी गोल्डी बराड़ के गिरोह के एक सदस्य को पंजाब पुलिस ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर शहर से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आरोपी की पहचान 32 वर्षीय इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी के रूप में हुई है। इंद्रप्रीत सिंह साल 2011 में चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज में अपने कॉलेज के दिनों में गैंगस्टर बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया था।

उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास से संबंधित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सिंह की हत्या में भी शामिल है। 10 नवंबर 2022 को कोटकपूरा में प्रदीप सिंह को उसकी दुकान के बाहर छह लोगों ने मार डाला था।

डीजीपी ने आगे कहा कि जांच के बाद, मोहाली की पुलिस टीमों ने हिमाचल प्रदेश में पैरी के ठिकाने का पता लगाया और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।

डीजीपी ने प्रदीप सिंह की हत्या में पैरी की भूमिका का खुलासा करते हुए कहा कि बराड़ के निर्देश पर पैरी ने हर्षवीर सिंह बाजवा को 20 हजार रुपये नकद दिए और प्रदीप सिंह हत्याकांड के आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी के खाते में राशि जमा करने का निर्देश दिया। हर्षवीर और मन्नी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पैरी को इससे पहले मार्च 2022 में आर्म्स एक्ट मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में जमानत पर रिहा होने से पहले वह करीब दो महीने बुड़ैल जेल में रहा था।

Leave feedback about this

  • Service