November 19, 2025
Punjab

पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: मोहिंद्र भगत

Punjab Government committed to the welfare of ex-servicemen and their families: Mohinder Bhagat

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए तेजी से काम कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री श्री मोहिंद्र भगत ने आज रक्षा सेवाएं विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ विभाग में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा विशेष रूप से युद्ध स्मारकों के नवीनीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

पंजाब सिविल सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी मंत्री को दी। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान पर जिला स्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को पेंशन वितरण और अन्य सुविधाएं समय पर दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि युद्ध स्मारकों के नवीनीकरण संबंधी कार्य भी तेज़ी से किए जा रहे हैं।

मंत्री श्री भगत ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश के लिए बहुत बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मंत्री ने कहा कि युद्ध स्मारकों के नवीनीकरण से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए सरकार की ओर से बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service