May 11, 2026
National

नबान्ना पहुंच भावुक हुए अशोक कीर्तनिया, बोले- पहले अपने ही देश में परदेसी बना दिया गया था

Ashok Kirtania became emotional after reaching Nabanna, said – earlier I was made a foreigner in my own country.

11 मई । पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भाजपा नेता और नवनियुक्त मंत्री अशोक कीर्तनिया ने ‘नबान्ना’ पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का आभार जताया और इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष की जीत बताया।

दरअसल, नबान्ना पश्चिम बंगाल सरकार का 14 मंजिला राज्य सचिवालय भवन है, जो हावड़ा में स्थित है। ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के रेनोवेशन के चलते फिलहाल यही राज्य सरकार का मुख्यालय है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी सोमवार को पहली बार नबान्ना पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसी दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा विधायक और मंत्री अशोक कीर्तनिया ने भावुक अंदाज में कहा, “ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कमाल है। एक समय ऐसा था जब हमें अपने ही देश में परदेसी बना दिया गया था। आज पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार बनी है और मुझे कैबिनेट में जगह मिली है। इसके लिए मैं पीएम मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं।”

अशोक कीर्तनिया ने कहा कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि उन लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत है जिन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार बंगाल के विकास और लोगों के विश्वास पर खरी उतरेगी।

बता दें कि अशोक कीर्तनिया पश्चिम बंगाल की बोंगांव उत्तर (एससी) विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। वह राज्य के प्रभावशाली मातुआ समुदाय से आते हैं, जिसका सीमावर्ती जिलों की राजनीति में बड़ा असर माना जाता है।

शिक्षा की बात करें तो उन्होंने दीनबंधु महाविद्यालय से बीए की पढ़ाई की है, जो कलकत्ता विश्वविद्यालय से संबद्ध है। लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहने वाले अशोक कीर्तनिया को अब राज्य मंत्रिमंडल में जगह मिलने से उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave feedback about this

  • Service