उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। गोरखपुर में हुए जलभराव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के तंज पर भाजपा विधायक पलटू राम ने पलटवार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की सराहना करते हुए दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में गोरखपुर में जितना विकास कार्य हुआ है, उतना आजादी के बाद किसी भी सरकार के कार्यकाल में नहीं हुआ।
गोरखपुर में भारी बरसात के बीच जलभराव होने से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अखिलेश यादव ने गोरखपुर में जलभराव को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि अगर सैफई से ही प्रेरणा ली होती तो गोरखपुर भी मॉडल बन गया होता।
गोंडा में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा विधायक पलटू राम ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा अपनी पारिवारिक राजनीति और सैफई से आगे नहीं सोचती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एजेंडे में उत्तर प्रदेश के सभी जिले शामिल हैं और वह प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। जहां तक गोरखपुर का सवाल है, योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में गोरखपुर में जो विकास हुआ है, वह शायद आजादी के बाद किसी भी सरकार के कार्यकाल में देखने को नहीं मिला है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा का काम सिर्फ जनता को भ्रमित करना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को विकास की ओर ले जा रहे हैं। सपा के मुखिया और उनके लोग सिर्फ रील्स बनाने में व्यस्त है। जनता बहकावे में नहीं आने वाली है।
भाजपा विधायक ने चुनाव के करीब आने के साथ समाजवादी पार्टी की ओर से की जा रही घोषणाओं पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव नजदीक आते ही जितनी भी घोषणाएं कर रही है, मैं पूछना चाहता हूं कि 2012 से 2017 के कार्यकाल के दौरान जब उन्हें मौका मिला था, तब क्या उन्होंने खिलाड़ियों का सम्मान किया था?
योगी सरकार की तारीफ करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि मौजूदा सरकार में खिलाड़ियों का सम्मान किया जा रहा है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का काम किया जा रहा है। सपा ने अपने कार्यकाल के दौरान ऐसा काम क्यों नहीं किया। योगी सरकार प्रदेश के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों और युवाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।


Leave feedback about this