May 6, 2026
National

झारखंड के गिरिडीह में कोयला मजदूर की हत्या के बाद भारी बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस से की धक्का-मुक्की

A massive uproar erupted in Giridih, Jharkhand, following the murder of a coal worker. Villagers scuffled with the police.

6 मई । झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत कबरीबाद कोयला खदान इलाके में एक मजदूर की हत्या के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सदर अस्पताल से बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को स्ट्रेचर पर लादा और पैदल मार्च करते हुए सीधे कबरीबाद खदान पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।

जानकारी के अनुसार, बीती देर रात कबरीबाद कोयला खदान के क्रेशर में कार्यरत मजदूर दिलीप दास की हत्या कर दी गई थी। बुधवार सुबह जब यह खबर फैली, तो स्थानीय लोग उग्र हो गए। ग्रामीण और परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़ गए और सदर अस्पताल में रखे शव को बिना पोस्टमार्टम के ही अपने साथ ले गए। वे शव को स्ट्रेचर पर लेकर कबरीबाद खदान के साइट कार्यालय की ओर बढ़ने लगे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव और साइबर डीएसपी आबिद खान भारी पुलिस बल के साथ खदान पर पहले से तैनात थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को साइट कार्यालय में घुसने से रोकने का प्रयास किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान पुलिस जवानों और ग्रामीण महिलाओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। भारी विरोध के बीच प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर कार्यालय परिसर के भीतर घुस गए।

हंगामे के बीच एक युवक ने अचानक पेट्रोल से भरी बोतल निकालकर अप्रिय घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने तत्परता दिखाते हुए युवक के हाथ से बोतल छीन ली और एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने सीसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग की।

तनाव को देखते हुए मौके पर सदर अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद और बीडीओ गणेश रजक भी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता शुरू की है और उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि कानून को हाथ में न लें। फिलहाल खदान क्षेत्र में ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Leave feedback about this

  • Service