September 18, 2026
National

दिल्ली के युवक की हत्या कर शव नाले में फेंकी थी, दो आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार

साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की लाजपत नगर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को शाम लगभग 04:15 बजे सरिता विहार निवासी युवराज सिंह मनचंदा (31) के लापता होने की शिकायत उनकी बहन ने लाजपत नगर थाने में दर्ज कराई। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।

शिकायत के अनुसार, 6 सितंबर को शिकायतकर्ता अपने भाई के साथ सेंट्रल मार्केट में खरीदारी करने गई थीं और उसके बाद गोल्डन ड्रैगन रेस्टोरेंट गईं। शाम लगभग 04:00 बजे, युवराज यह कहकर रेस्टोरेंट से चले गए कि उन्हें गुरुग्राम में एक मीटिंग में जाना है और वे रात लगभग 10:00 बजे तक घर लौट आएंगे। जब वे नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला, तो परिवार ने उन्हें खोजने की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर तुरंत ही विस्तृत जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और सीडीआआर, आडीपीआर के विश्लेषण के दौरान यह पता चला कि युवराज ने आखिरी बार अपनी पूर्व ऑफिस कलीग अन्या वत्स से बात की थी और अपने परिवार को बताया था कि वे उनसे मिलने गुरुग्राम जा रहे हैं। चूंकि बाद में दोनों मोबाइल फोन स्विच ऑफ पाए गए, इसलिए व्यापक जांच की गई, जिसमें सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, स्थानीय पूछताछ और लापता व्यक्ति व संदिग्ध के ऑफिस में पूछताछ शामिल थी।

पुलिस ने बताया कि लगातार जांच के दौरान युवराज के लापता होने के मामले में अन्या वत्स मुख्य संदिग्ध के तौर पर सामने आई। उस पर कड़ी निगरानी रखी गई, जिससे संदिग्ध द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक नए मोबाइल नंबर का पता चला। सीडीआर से लोकेशन की जानकारी और अन्य तकनीकी सबूतों के विश्लेषण से उत्तराखंड में उसकी मौजूदगी का संकेत मिला। इसके बाद एक पुलिस टीम उत्तराखंड पहुंचकर अन्या वत्स और उसके साथी संयम सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने युवराज सिंह मनचंदा की हत्या करने और गुरुग्राम में अपने घर के पास एक नाले में उसकी लाश फेंकने की बात कबूली। जांच में पता चला कि 10 सितंबर को गुरुग्राम के बादशाहपुर पुलिस स्टेशन ने अपने अधिकार क्षेत्र में एक नाले से एक अज्ञात शव बरामद किया था। मृतक की बरामदगी के बाद उनकी तस्वीरें ली गईं और शिकायतकर्ता तथा युवराज सिंह मनचंदा के परिवार वालों को दिखाई गईं, जिन्होंने मृतक की पहचान युवराज के तौर पर की। अदालत ने आरोपी अन्या वत्स और संयम सचदेवा को 5 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है।

Leave feedback about this

  • Service