गुजरात में अहमदाबाद के क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस ने आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम पहल की है। 1 जनवरी 2026 से क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस, अहमदाबाद में पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले नागरिकों को हर दिन 100 अतिरिक्त ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा दी जा रही है।
पासपोर्ट प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से कार्यालय द्वारा कई नए कदम उठाए गए हैं। अतिरिक्त ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के इस फैसले से लंबे समय से अपॉइंटमेंट की कमी से जूझ रहे आवेदकों को बड़ी राहत मिली है। अब तक बड़ी संख्या में लोगों को ऑनलाइन अपॉइंटमेंट न मिलने के कारण पासपोर्ट आवेदन में देरी का सामना करना पड़ता था। नए प्रावधान के तहत अतिरिक्त अपॉइंटमेंट उपलब्ध होने से न केवल आवेदन प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि सिस्टम पर दबाव भी कम हुआ है।
इसके साथ ही क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस ने बिना ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के पूछताछ की सुविधा भी शुरू की है, जो खास तौर पर उन आवेदकों के लिए उपयोगी साबित हो रही है जिन्हें तत्काल जानकारी या दस्तावेजों से जुड़ी समस्या का समाधान चाहिए।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अभिजीत शुक्ला ने बताया कि हम लोग अहमदाबाद में चार पासपोर्ट सेवा केंद्र और 19 पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र के जरिए नागरिकों को जल्द से जल्द पासपोर्ट की सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं। पिछले साल करीब साढ़े सात लाख पासपोर्ट जारी किए गए थे। रोजाना साढ़े चार हजार अपॉइंटमेंट रिलीज करते हैं, जिससे नागरिकों को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि हर सोमवार और बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आवेदक बिना किसी पूर्व ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के पासपोर्ट ऑफिस आकर अपनी पूछताछ कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों को सीधे सहायता प्रदान करना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।
इसके अतिरिक्त पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 के तहत पासपोर्ट प्रोसेसिंग सिस्टम में तकनीकी सुधार किए गए हैं। इन सुधारों से आवेदन निपटारे की गति तेज हुई है, वेटिंग पीरियड में कमी आई है और कार्यालय में भीड़ भी घट गई है। इसके साथ ही ई-पासपोर्ट भी जारी किया जा रहा है, जिससे लोगों को और आसानी हो सके।
अभिजीत शुक्ला ने बताया कि ई-पासपोर्ट दिखने में आम भारतीय पासपोर्ट जैसा ही होता है, लेकिन इसकी खासियत इसके कवर में लगी एक मॉडर्न इलेक्ट्रॉनिक चिप है। इस चिप के भीतर पासपोर्ट धारक की तस्वीर, फिंगरप्रिंट, चेहरे की पहचान से जुड़ी जानकारी और अन्य जरूरी व्यक्तिगत डिटेल सेफ स्टोर रहते हैं। यह चिप अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुसार तैयार की गई होती है, जिससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ या डेटा की नकल करना लगभग नामुमकिन हो जाता है।

