N1Live Entertainment ‘अक्षय खन्ना हमेशा अपने किरदार में डूबे रहते थे’, तिलोत्तमा शोम ने बताया ‘इक्का’ की शूटिंग का अनुभव
Entertainment

‘अक्षय खन्ना हमेशा अपने किरदार में डूबे रहते थे’, तिलोत्तमा शोम ने बताया ‘इक्का’ की शूटिंग का अनुभव

'Akshay Khanna was always immersed in his character' – Tillotama Shome shares her experience of shooting for 'Ikka'.

17 जुलाई । राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री तिलोत्तमा शोम अपनी दमदार अदाकारी और अलग तरह के किरदारों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘इक्का’ में उनके काम को काफी सराहा जा रहा है। इस फिल्म में उन्होंने सनी देओल और अक्षय खन्ना जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ काम किया, जिसका अनुभव उन्होंने आईएएनएस संग बातचीत के दौरान साझा किया है। उन्होंने बताया कि जहां अक्षय खन्ना शूटिंग के दौरान पूरी तरह अपने किरदार में डूबे रहते थे, वहीं सनी देओल की सादगी और शांत स्वभाव ने उन्हें काफी प्रभावित किया।

आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में तिलोत्तमा शोम ने फिल्म ‘इक्का’ की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए। अक्षय खन्ना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ”हर कलाकार की अपनी अलग तैयारी और अभिनय की शैली होती है। कुछ कलाकार कैमरा ऑन होने तक हंसी-मजाक करते रहते हैं और जैसे ही निर्देशक ‘एक्शन’ बोलता है, तुरंत अपने किरदार में उतर जाते हैं। वहीं कुछ कलाकार ऐसे भी होते हैं, जो शूटिंग शुरू होने से पहले ही खुद को पूरी तरह अपने किरदार में ढाल लेते हैं।”

तिलोत्तमा ने बताया, ”अक्षय खन्ना दूसरी श्रेणी के कलाकारों में आते हैं। वह अपने किरदार की भावनाओं और मानसिक स्थिति को पूरे समय अपने साथ लेकर चलते थे। वह सेट पर भी उसी माहौल में रहते थे। मैंने शायद ही कभी अक्षय खन्ना को अपने किरदार से बाहर देखा हो। उनका यही समर्पण उनके अभिनय को इतना प्रभावशाली बनाता है और पर्दे पर उनका हर शॉट बेहद असरदार नजर आता है।”

अभिनेत्री ने सनी देओल के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि कैमरे के सामने काम करने वाले कलाकार बहुत मिलनसार और खुले स्वभाव के होते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में ऐसा हमेशा नहीं होता। मैं खुद भी काफी शांत स्वभाव की हूं, और सनी देओल भी बहुत शांत और कम बोलने वाले इंसान हैं।”

उन्होंने कहा, ”सनी देओल की सबसे बड़ी खासियत उनकी सादगी और अपनापन है। उनके आसपास मौजूद लोग सहज महसूस करते थे। जब भी मेरी उनसे बातचीत हुई, वह हमेशा सम्मानजनक व्यवहार में पेश आए।”

फिल्म ‘इक्का’ में तिलोत्तमा शोम ने मधुरा बनर्जी नामक एक पब्लिक प्रॉसिक्यूटर यानी सरकारी वकील का किरदार निभाया है। फिल्म में उनका मुकाबला सनी देओल के किरदार अर्जुन मेहरा से होता है, जो एक डिफेंस लॉयर की भूमिका में हैं। कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित इस फिल्म में दोनों किरदारों के बीच विचारों और तर्कों की जबरदस्त टक्कर देखने को मिलती है।

इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी ‘इक्का’ में सनी देओल और तिलोत्तमा शोम के अलावा अक्षय खन्ना और दिया मिर्जा भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह थ्रिलर फिल्म 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई।

Exit mobile version