N1Live Entertainment सना सईद ने ईटिंग डिसऑर्डर को लेकर तोड़ी चुप्पी, दूसरों को दी हिम्मत
Entertainment

सना सईद ने ईटिंग डिसऑर्डर को लेकर तोड़ी चुप्पी, दूसरों को दी हिम्मत

Sana Saeed breaks silence on eating disorder, encourages others.

17 जुलाई । फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में अंजली का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सना सईद ने गुरुवार को बताया कि वह कई सालों तक बुलिमिया नाम की ईटिंग डिसऑर्डर (खान-पान से जुड़ी मानसिक बीमारी) से जूझती रही। सबसे मुश्किल बात यह थी कि उन्हें लंबे समय तक यह पता ही नहीं था कि आखिर उन्हें कौन सी बीमारी है।

अभिनेत्री सना सईद ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने खाने को लेकर होने वाली एंग्जायटी (बेचैनी) और बचपन में रोजमर्रा की जिंदगी पर इसके असर को यादर किया।

शेयर किए गए वीडियो में सना सईद कहती हैं, “मैं हमेशा छिपकर खाना नहीं चाहती थी और न ही इस डर से जीना चाहती थी कि कोई मुझे ज्यादा खाते हुए देखकर क्या सोचेगा। जब मैंने इस बीमारी के बारे में एक किताब पढ़ना शुरू किया, तब मुझे पहली बार समझ आया कि आखिर मेरे साथ क्या हो रहा है, लेकिन इसे स्वीकार करना मुश्किल था।

उन्होंने आगे कहा, “शुरुआत में मैंने खुद को समझाया कि शायद मुझे खाने से जुड़ी कोई समस्या है। मेरे लिए यह मानना बहुत मुश्किल था कि मैं इसी बीमारी से जूझ रही हूं। बचपन में मैंने कभी इसके बारे में नहीं सुना था। काश, मुझे पहले ही इसके बारे में जानकारी होती, तो मैं समय रहते सही इलाज और मदद ले पाती।”

वीडियो जारी अभिनेत्री ने नोट भी लिखा, “कई सालों तक मुझे यह पता ही नहीं था कि मैं एक ईटिंग डिसऑर्डर से जूझ रही हूं। ऐसा नहीं था कि मुझे कोई परेशानी नहीं थी, बल्कि इसलिए क्योंकि मुझे कभी इस बीमारी के बारे में बताया ही नहीं गया। बचपन में इस विषय पर कोई बात नहीं करता था, इसलिए मुझे समझ ही नहीं आया कि मेरे साथ क्या हो रहा है। मैं लंबे समय तक इस दर्द को चुपचाप अकेले सहती रही।”

उन्होंने आगे लिखा, “जब मैंने पहली बार बुलिमिया के बारे में पढ़ा, तब मुझे समझ आया कि आखिर मेरी परेशानी का नाम क्या है। लेकिन इसके बाद भी खुद से यह स्वीकार करने में मुझे कई साल लग गए कि मुझे यही बीमारी है।”

सना ने बताया कि उन्होंने अपनी कहानी इसलिए शेयर की ताकि जो लोग ऐसी किसी परेशानी से गुजर रहे हैं और अपनी समस्या को पहचान नहीं पा रहे हैं, उन्हें यह एहसास हो कि उनकी तकलीफ का एक नाम है और वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने लिखा, “हर समस्या का समाधान होता है और सही मदद मिलने पर इससे बाहर निकला जा सकता है।”

अंत में सना ने बताया कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और पहले से कहीं ज्यादा खुश और बेहतर महसूस करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई इस तरह की समस्या से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करे और योग्य विशेषज्ञ से मदद लेने में बिल्कुल भी संकोच न करे।

Exit mobile version