गायक और संगीतकार अमाल मलिक ने हाल ही में सामने आए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून पुरुषों की तुलना में अधिक मजबूत हैं लेकिन उनका दुरुपयोग कर व्यवस्था से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए।
अमाल मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महिलाओं के नाम एक लंबा नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने जेंडर, जवाबदेही और हालिया हत्या के मामले पर अपने विचार रखे।
उन्होंने लिखा, प्रिय महिलाओं! पीढ़ियों से यह सच रहा है कि हम पुरुषों की वजह से आप सभी ने बहुत कुछ सहा है। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं और पुरुषों के प्रति आपके सामूहिक गुस्से का समर्थन करता हूं। अपने ऊपर होने वाले अत्याचार के खिलाफ लड़ना जरूरी है लेकिन कृपया इसे केवल उन लोगों तक सीमित रखें जो आपको दबाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने लिखा, “हर चीज को ‘टॉक्सिक’ का नाम देना और अपनी जिम्मेदारी न लेना ही वजह है कि हम असली संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। किसी भी पक्ष की ओर से शारीरिक हिंसा टॉक्सिक है। भावनाओं की जगह सिर्फ पैसे के पीछे भागना टॉक्सिक है। सोशल मीडिया वाली शादी के पीछे भागना टॉक्सिक है। किसी ऐसे इंसान को बर्बाद कर देना, जिसके साथ आगे बढ़ने का कभी इरादा ही नहीं था, वह भी टॉक्सिक है।”
उन्होंने कहा, “क्या आपको इंस्टाग्राम के लिए शादी चाहिए या एक सच्ची शादी? क्या आप लोनावला में एक प्यारा-सा हनीमून स्वीकार कर सकती हैं या आपको लगता है कि अगर वह मुझसे प्यार करता है तो मुझे भारत से बाहर लेकर जाएगा? ठीक है, हम सभी अच्छी जिंदगी चाहते हैं। लेकिन क्या सच्चा प्यार मालदीव के किसी द्वीप पर जाकर अलग महसूस होता है?”
गायक अमाल ने लिखा, “यह इंसान इस अंजाम का हकदार नहीं था। उसकी मुस्कान और उसकी आंखों को देखिए। देखिए कि वह उससे शादी करने को लेकर कितना खुश था। केतन अग्रवाल बेहद मासूम और स्नेही इंसान लगते थे।”
एक अन्य पोस्ट में अमाल ने लिखा, “उसे मारने के लिए उसने जितनी मेहनत की, उसका सिर्फ एक छोटा-सा हिस्सा ‘ना’ कहने में लग जाता। वह साफ कह सकती थी कि मेरा दिल किसी और के लिए धड़कता है और मैं किसी दूसरे आदमी से प्यार करती हूं। अगर इसके बाद भी वह नहीं मानता और जबरदस्ती करता, तो वह अपने परिवार को बता सकती थी और उन्हें बीच में ला सकती थी। दुनिया में कोई भी किसी पढ़ी-लिखी और कमाने वाली महिला को उसकी इच्छा के खिलाफ मजबूर नहीं कर सकता।”
अमाल ने आगे लिखा, “भारत में कानून महिलाओं के लिए पुरुषों की तुलना में बेहतर हैं, लेकिन उनका दुरुपयोग कर व्यवस्था से खिलवाड़ क्यों किया जाए? केवल एक कमजोर आदमी ही किसी दूसरे आदमी के खिलाफ ऐसी साजिश रच सकता है। इन दोनों की हिम्मत देखिए कि किसी का बेटा छीन लेने के बाद भी उन्होंने सोचा कि वे खुशहाल जिंदगी जी पाएंगे। एक जिंदगी खत्म हो गई। परिवार बिखर गए। ये राक्षस हैं।”
गायक की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पुणे के व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की जांच जारी है।

