N1Live National आंध्र प्रदेश सड़क हादसा: राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना
National

आंध्र प्रदेश सड़क हादसा: राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना

Andhra Pradesh road accident: President expresses condolences to the families of the victims

16 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार को हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 10 से 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। राष्ट्रपति उन्होंने उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाने की दुखद खबर बहुत ही कष्टदायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी कुरनूल में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हुई दुखद सड़क दुर्घटना से मैं बहुत आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस कठिन समय में प्रभावित सभी लोगों को शक्ति मिलने की प्रार्थना करता हूं।”

कर्नाटक से मंत्रालयम मंदिर के दर्शन करने आए श्रद्धालु जब लौट रहे थे तो इसी दौरान मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना इलाके के पास उनकी गाड़ी एक लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 10 से 12 लोग हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Exit mobile version