N1Live Entertainment बॉक्सिंग रिंग में मुक्के बरसाती नजर आएंगी अंजना सिंह, फिल्म ‘लेडी बॉक्सर’ की शूटिंग पूरी
Entertainment

बॉक्सिंग रिंग में मुक्के बरसाती नजर आएंगी अंजना सिंह, फिल्म ‘लेडी बॉक्सर’ की शूटिंग पूरी

Anjana Singh will be seen throwing punches in the boxing ring, shooting of the film 'Lady Boxer' is complete.

9 अप्रैल । भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अंजना सिंह एक बार फिर एक्शन से भरे रोल में नजर आएंगी। इस बार वे बॉक्सिंग रिंग में दमदार मुक्के लगाती दिखेंगी। अभिनेत्री अंजना सिंह अपकमिंग भोजपुरी फिल्म ‘लेडी बॉक्सर’ में नजर आएंगी।

अभिनेत्री ने बुधवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। अंजना ने फिल्म की शूटिंग के कुछ बीटीएस तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट किए। इसमें वे पूरे बॉक्सर के लुक में नजर आ रही हैं। हाथों में ग्लव्स, बॉक्सिंग रिंग का माहौल और दमदार पोज के साथ वे काफी आक्रामक और तैयार दिख रही हैं।

अंजना सिंह ने पोस्ट में लिखा, “और इसी के साथ शूट पूरा हुआ। ‘लेडी बॉक्सर’ जल्द आ रहा है।”

एक्ट्रेस अंजना सिंह की पोस्ट को काफी पसंद किया जा रहा है। फैंस फिल्म के आने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, अभी इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि यह फाइनल रैप-अप है या नहीं।

संतोष जोशी द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन सत्येंद्र सिंह ने किया है जबकि रवि तिवारी फिल्म के मुख्य सहायक निदेशक हैं। संदीप सिंह और अथर्व सिंह फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म में अंजना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हालांकि, फिल्म से जुड़ी बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

भोजपुरी सिनेमा इन दिनों नई कहानियों और सशक्त महिला किरदारों की ओर बढ़ रहा है। ‘लेडी बॉक्सर’ इसी दिशा में एक अच्छा कदम है। इसकी शूटिंग आजमगढ़ में हो रही थी।

भोजपुरी जगत में सास-बहू और देवरानी-जेठानी के रिश्ते से इतर अंजना ज्यादातर सशक्त महिला किरदारों वाली फिल्में करती हैं। इससे पहले भी वे फिल्म ‘कुश्ती’ में नजर आईं थीं, जिसमें एक किसान की बेटी खेत की मिट्टी से लेकर अखाड़े तक का सफर पूरा करती है।

फिल्म की खास बात ये है कि इसमें उनकी बेटी भी अहम किरदार में नजर आई हैं। अंजना की बेटी अदिति ने फिल्म में अभिनेत्री के बचपन का किरदार निभाया है।

Exit mobile version