April 21, 2026
Entertainment

अंजुम बत्रा ने बताया अनुराग कश्यप और इम्तियाज अली में क्या है समानता

Anjum Batra reveals the similarities between Anurag Kashyap and Imtiaz Ali

अभिनेता अंजुम बत्रा धीरे-धीरे मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बना रहे हैं। इन दिनों वे सीरीज ‘मामला लीगल है-2’ में नजर आए और काफी लोकप्रियता भी हासिल कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ से दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई थी। हालांकि, अभिनेता ने अपने करियर की शुरुआत में अनुराग कश्यप की फिल्म देव डी में भी काम किया था। अभिनेता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इम्तियाज अली और अनुराग कश्यप के साथ काम करने के अनुभव को शेयर किया।

उन्होंने बताया, “दोनों की सोच और काम करने का अंदाज थोड़ा अलग है, लेकिन एक बात दोनों में समान है, वो ये है कि दोनों अपने कलाकारों के अंदर से बेहतरीन परफॉर्मेंस निकालने में माहिर हैं।” भविष्य में अलग-अलग जॉनर में काम करने को लेकर उन्होंने कहा, “मुझे चीजों को अपने आप चलने देना पसंद है। मुझे अलग-अलग तरह के किरदार निभाना जरूर अच्छा लगेगा, लेकिन मेरा मानना है कि अच्छा काम अपने आप नए मौके लाता है।”

अंजुम ने अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर बताया, “मैंने हाल ही में पंजाब की फिल्म ‘इश्कनाम’ की शूटिंग पूरी कर ली है। यह फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है। इसके अलावा कुछ और प्रोजेक्ट पर भी अभी बात चल रही है। अभी के लिए मैं अपने प्रशंसकों से बस इतना ही कहना चाहूंगा कि ‘मामला लीगल’ का दूसरा सीजन जरूर देखें और अपना प्यार मुझे लगातार देते रहें।”

अभिनेता ने करियर में आई मुश्किलों के बारे में बताया, “मैं इसे संघर्ष नहीं कहना चाहता, क्योंकि मैंने यह पेशा अपनी मर्जी से चुना था। किसी ने मुझे मजबूर नहीं किया था। हां, जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि कुछ किरदारों को मैं और बेहतर तरीके से निभा सकता था, लेकिन यह सब अनुभव के साथ आता है। समय के साथ हम सीखते जाते हैं और आगे बढ़ते हैं।”

फिल्म में रवि किशन, निधि बिष्ट, नैला ग्रेवाल और अनंत जोशी मुख्य भूमिका में हैं।

Leave feedback about this

  • Service