August 24, 2026
Entertainment

अनुपम खेर ने यश को बताया असाधारण प्रतिभा वाला कलाकार, बोले- ‘उन्होंने रॉकी के किरदार में जान डाल दी थी’

Anupam Kher described Yash as an artist of extraordinary talent, saying, “He breathed life into the character of Rocky.”

अभिनेता अनुपम खेर ने हाल ही में कन्नड़ सुपरस्टार यश से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर यश के साथ तस्वीरें शेयर कीं और उनके अभिनय सफर की जमकर तारीफ की। खास तौर पर उन्होंने यश के ‘केजीएफ’ फ्रेंचाइजी में निभाए गए रॉकी के किरदार को याद किया और बताया कि इस दमदार किरदार के पीछे उन्हें एक समझदार इंसान नजर आए।

अनुपम खेर ने यश से मुलाकात को बेहद खास बताया, साथ ही उन्हें असाधारण प्रतिभा वाला कलाकार कहा। उन्होंने कहा, ”मैं लंबे समय से यश के सफर को करीब से देखता और पसंद करता आया हूं। खासकर ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ और ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ में रॉकी के किरदार को जिस तरह यश ने पर्दे पर पेश किया, उससे मैं काफी प्रभावित हूं।”

अनुपम खेर ने आगे कहा, ”यश ने सिर्फ रॉकी का किरदार निभाया नहीं था, बल्कि उसमें अपनी जान डाल दी थी। उन्होंने रॉकी को एक अलग आत्मा, अपना अंदाज और ऐसी पहचान दी, जिसे भारतीय सिनेमा में लंबे समय तक याद किया जाएगा। रॉकी के किरदार में यश की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, स्टाइल और डायलॉग बोलने के अंदाज ने दर्शकों के बीच उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।”

अनुपम खेर आगे बताया, ”पर्दे पर बेहद शक्तिशाली और रौबदार नजर आने वाले यश के पीछे मुझे एक गर्मजोशी से भरा, जमीन से जुड़ा और सोचने-समझने वाला इंसान देखने को मिला। हमारी मुलाकात एक स्टूडियो में हुई, जहां फिल्मों के अलावा जिंदगी से जुड़े कई विषयों पर बातचीत हुई।” अनुपम खेर ने कहा, ”हमने माता-पिता, परिवार, सपनों और जिंदगी के उन अनुभवों के बारे में बात की, जो किसी इंसान को धीरे-धीरे आकार देते हैं। इस मुलाकात ने मुझे यह महसूस कराया कि अलग-अलग पीढ़ियों से आने के बावजूद कलाकारों के सपने और जुनून एक जैसे हो सकते हैं।”

उन्होंने कहा, ”जब भी मेरी मुलाकात ऐसे युवा कलाकारों से होती है, जो कुछ अलग और असाधारण करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं, तो मुझे खुद भी नई ऊर्जा मिलती है। ऐसे कलाकारों का जुनून मुझे और मेहनत करने, चीजों को और गहराई से देखने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करता है।” अनुपम खेर ने यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के लिए भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म अपनी अलग पहचान बनाएगी और दर्शकों से भरपूर प्यार हासिल करेगी।

‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म में यश दोहरी भूमिका में दिखाई देंगे। यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है और 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave feedback about this

  • Service