N1Live National एसटीपीआई में जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर के कई पदों पर आवेदन शुरू, फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अगस्त
National

एसटीपीआई में जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर के कई पदों पर आवेदन शुरू, फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अगस्त

Applications invited for multiple Junior Hindi Translator posts at STPI; last date to apply is August 7.

सरकारी संस्थान में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) ने जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर (जेएचटी) के कुल 9 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है। इनमें सामान्य वर्ग के 6, ओबीसी के 2 और एससी का 1 पद शामिल हैं।

एसटीपीआई की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो गई है। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अगस्त तय की गई है। ऐसे में जेएचटी पोस्ट पर एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एसटीपीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की रात 11 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से हिंदी में मास्टर डिग्री होनी चाहिए, जिसमें डिग्री स्तर पर अंग्रेजी एक अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में या परीक्षा के माध्यम के रूप में रही हो। आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

Exit mobile version