June 4, 2026
National

‘आप’ नेता के चक्कर में खुली अरविंद केजरीवाल की ‘पोल’, भाजपा ने लगाया गंभीर आरोप

Arvind Kejriwal’s secrets exposed due to AAP leader’s affair, BJP makes serious allegations

30 मई । गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के वडोदरा जिला अध्यक्ष अशोक ओझा और उनके साथी नितिन डोबरिया को अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता केशवजी चौहान को आईबी के नाम से धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने खुद को केंद्रीय खुफिया एजेंसी का अफसर बताकर केशवजी चौहान को धमकियां दीं। जांच के बाद पुलिस ने मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिलचस्प बात यह है कि ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जिस ‘उत्पीड़न’ का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था, वो ‘आप’ की आपसी कलह का नतीजा निकला। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

इस मामले में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले 28 मई को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पोस्ट किया था। इसमें दावा किया गया था कि आईबी के नाम का इस्तेमाल करते हुए कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई कि आपको वेरिफाई करना होगा।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप नेताओं के आरोपों पर संज्ञान लिया गया। पुलिस विभाग ने पोस्ट की गहन जांच की, जिसमें यह सामने आया कि वडोदरा ‘आप’ अध्यक्ष अशोक ओझा को अपने ही कार्यकर्ता केशवजी चौहान से खतरा महसूस हो रहा था। अपने सहयोगी केशवजी चौहान को रास्ते से हटाने के लिए उन्होंने साजिश रची और आईबी अधिकारी का फर्जी स्वांग रचकर धमकियां दी। पुलिस ने इस पूरे मामले में अशोक ओझा और नितिन डोबरिया को गिरफ्तार कर लिया है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस फर्जी आरोप पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, ”ये बहुत संगीन मामला है। मैंने इस नंबर पे फोन किया। पूछा कि क्या आप आईबी से बोल रहे हैं। उसने कहा – हां। मैंने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल बोल रहा हूं। आप किस कानून में वेरिफिकेशन कर रहे हो। उसने फोन काट दिया। उसके बाद से फोन नहीं उठा रहे। आईबी ये बताए कि क्या ये उनका नंबर है। आईबी की तरफ से हमारे कार्यकर्ताओं को ऐसे बहुत फोन आते हैं। आप सब लोग भी इस नंबर पे फोन करके पूछो कि किस कानून में एक राज्य से दूसरे राज्य में काम पर जाने वाले नागरिक को आईबी के पास वेरिफिकेशन करवाना होता है। अगली बार जब मैं गुजरात जाऊंगा तो स्वयं आईबी ऑफिस में जाकर उनसे पूछूंगा। गुजरात के किसी भी कार्यकर्ता को अगली बार आईबी से फोन आए तो उसे सोशल मीडिया पर डाल दे ताकि जनता भी उनसे पूछ सके।”

दूसरी तरफ, अरविंद केजरीवाल के आरोप पर भाजपा नेता तजिंदर बग्गा ने जोरदार तंज करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “एक और दिन, केजरीवाल का एक और झूठ बेनकाब। केजरीवाल ने दावा किया था कि गुजरात में उनके कार्यकर्ताओं को ‘आईबी वेरिफिकेशन’ के लिए कॉल आ रहे हैं, और उन्होंने दहशत फैलाने की कोशिश की। लेकिन, गुजरात पुलिस ने इस पूरे नाटक का पर्दाफाश कर दिया। ये कॉल इंटेलिजेंस ब्यूरो की तरफ से नहीं आए थे। कॉल करने वाला आप का कार्यकर्ता नितिन डोबरिया था। वह वडोदरा में आप के प्रमुख अशोक ओझा के निर्देशों पर काम कर रहा था। नकली विक्टिमहुड, नकली प्रोपेगेंडा, नकली राजनीति, एक ही कहानी में केजरीवाल मॉडल।”

Leave feedback about this

  • Service