गुजराती संस्कृति और सनातन धर्म में बेस्टू वर्ष यानी नववर्ष का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। नया साल केवल एक नए वर्ष की शुरुआत नहीं, बल्कि नई उम्मीदों, नई चेतना, नए संकल्पों और ईश्वर के आशीर्वाद के साथ जीवन की नई शुरुआत करने का पावन अवसर है।
आज गुजराती नववर्ष यानी बेस्टू वर्ष के पावन दिन से विक्रम संवत 2083 का शुभारंभ हुआ है। इस पावन अवसर पर विश्वप्रसिद्ध तीर्थधाम और शक्तिपीठ अंबाजी में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में भक्त मां अंबा के चरणों में शीश झुकाकर नए साल की शुरुआत कर रहे हैं।
आज सुबह 6 बजे अंबाजी मंदिर में मां अंबा की मंगला आरती आयोजित की गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आरती के दर्शन कर धन्यता का अनुभव किया।
सनातन धर्म में बेस्टू वर्ष यानी नववर्ष का दिन अत्यंत पवित्र और शुभ माना जाता है। दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से विक्रम संवत के नए वर्ष की शुरुआत होती है। पुराने वर्ष को विदाई देकर नए वर्ष का स्वागत किया जाता है।
इस दिन श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन कर पूरे वर्ष सुख, शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली बनी रहे, ऐसी प्रार्थना करते हैं। साथ ही जीवन में अच्छे विचारों, सत्कर्म, सेवा, परोपकार और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेते हैं।
शक्ति, भक्ति और आस्था के त्रिवेणी संगम शक्तिधाम अंबाजी में भी नववर्ष को लेकर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही गुजरात सहित अन्य राज्यों से आए श्रद्धालु मां अंबा के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि नए साल की शुरुआत मां अंबा के आशीर्वाद और दर्शन से हो तो पूरा वर्ष मंगलमय रहता है। यही वजह है कि हर साल बेस्टू वर्ष के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अंबाजी धाम में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
नए संवत के शुभारंभ पर शक्तिपीठ अंबाजी में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु मां अंबा के चरणों में प्रार्थना कर रहे हैं कि आने वाला नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।
एक श्रद्धालु दर्शना बारोट ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि मेरा परिवार लगभग 50 साल से अंबाजी मंदिर में बेस्टू वर्ष यानी नववर्ष के अवसर पर आरती में शामिल होता है। मैं आज इस मौके पर सभी भारतीयवासियों की प्रगति की कामना करती हूं।


Leave feedback about this