September 15, 2026
Sports

एशियन गेम्स 2026: ‘क्रिकेट’ में फिर बजेगा भारत का डंका? दांव पर 2 ‘गोल्ड मेडल’

Asian Games 2026: Will India dominate in cricket again? Two gold medals up for grabs.

 

नई दिल्ली, एशियन गेम्स 2026 में ‘क्रिकेट’ भारत के लिए एक बार फिर सबसे बड़े ‘गोल्ड मेडल’ दावेदारों में होगा, जिसमें एक नहीं, बल्कि दो गोल्ड देश के नाम हो सकते हैं।

साल 2023 में आयोजित हांगझोउ एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने गोल्ड जीते थे। इस बार जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच खेले जाने वाले एशियन गेम्स में फिर से भारतीय फैंस को अपने खिलाड़ियों से ऐसी ही आस है।

यह मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाने हैं, जिसमें हाल के समय में भारत की पुरुष और महिला टीम का दबदबा नजर आया है। एक ओर पुरुष टीम इसी साल मार्च में टी20 वर्ल्ड कप विजेता बनी है, तो दूसरी तरफ बीते रविवार को महिला टीम ने एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।

इस टूर्नामेंट में भारत के पास प्रतिभा और अनुभव का शानदार मिश्रण है। पुरुष टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं।

वहीं, महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं। इनके साथ युवा प्रतिभाओं की मौजूदगी टीम को संतुलित बनाती है।

हालांकि, एशियन गेम्स में भारत के लिए चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमें भी मजबूत हैं और टी20 क्रिकेट में एक खराब मुकाबला पूरे अभियान की दिशा बदल सकता है। ऐसे में भारत को शुरुआती दौर से ही अपनी रणनीति और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान देना होगा।

टी20 क्रिकेट में भारत का बेंच स्ट्रेंथ बेहद मजबूत है। महिला और पुरुष टीमों के पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनको दबाव झेलने का अनुभव है। अगर ये खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करते हैं, तो एशियन गेम्स में एक बार फिर भारत के पास गोल्ड जीतने का मौका होगा।

भले ही हांगझोउ की सफलता दोहराना आसान नहीं है, लेकिन भारतीय टीमों के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए ‘क्रिकेट’ भारत के लिए ‘एशियन गेम्स 2026’ में सबसे भरोसेमंद पदक उम्मीदों में से एक रहेगा।

Leave feedback about this

  • Service