October 18, 2026
Entertainment

अवतार गिल ने दिवंगत अभिनेता भरत कपूर को जयंती पर किया याद, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

अभिनेता अवतार गिल ने अपने प्रिय मित्र और दिवंगत अभिनेता भरत कपूर को उनकी जयंती पर याद किया। अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया के जरिए भरत कपूर को याद करते हुए उन्हें बेहतरीन कलाकार, शानदार इंसान और केयरिंग दोस्त बताया।

अभिनेता अवतार गिल ने इंस्टाग्राम पर भरत कपूर के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने एक्टिंग में उनके योगदान और अपने रिश्तों की गर्मजोशी को याद किया। उन्होंने लिखा, “अपने प्यारे दोस्त भरत कपूर को उनके जन्मदिन पर याद कर रहा हूं। भरत एक बेहतरीन एक्टर और अपने काम में माहिर कलाकार थे। उन्होंने हर किरदार में एक अलग ही पहचान बनाई लेकिन कलाकार से बढ़कर वो एक शानदार इंसान थे। एक खूबसूरत दिल वाले, सच्चे दिल से परवाह करने वाले दोस्त और साथ रहने में बेहद खुशी देने वाले इंसान।”

उन्होंने अभिनेता भरत कपूर के व्यक्तित्व और स्वभाव की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि भरत कपूर ऐसे इंसान थे, जो हमेशा अपने चाहने वालों के साथ खड़े रहते थे और बिना किसी उम्मीद के उनकी मदद किया करते थे। अवतार गिल ने लिखा, “प्यार लुटाने में दिलदार और अपने चाहने वालों के लिए हमेशा मौजूद रहने वाले भरत में एक खास बात थी, जिससे वह अपने आसपास के हर इंसान को खास महसूस कराते थे। वो ऐसे दोस्त थे जो हमेशा आपके साथ खड़े रहते थे, आपकी परवाह करते थे और बिना कुछ उम्मीद किए अपना सब कुछ दे देते थे।”

अभिनेता ने बताया कि वे खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि दिवंगत एक्टर के साथ उनकी इतनी गहरी दोस्ती रही। उन्होंने लिखा, “मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि उनके साथ मेरी इतनी शानदार दोस्ती रही। उनकी कमी आज भी बहुत खलती है लेकिन उनके साथ बिताई गई यादें, हंसी और प्यार हमेशा मेरे दिल में रहेगी।”

भरत कपूर टेलीविजन और भारतीय सिनेमा में सक्रिय रहे। उन्हें ‘नूरी’, ‘बाजार’, ‘गुलामी’ और ‘खुदा गवाह’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ ‘अमानत’ और ‘सांस’ जैसे टेलीविजन शो में उनके रोल के लिए जाना जाता है। 27 अप्रैल 2026 को मुंबई में 80 साल की उम्र में अभिनेता का निधन हो गया था।

Leave feedback about this

  • Service