N1Live National बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को लिखा पत्र, सख्त पहचान सत्यापन की मांग
National

बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा ने फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को लिखा पत्र, सख्त पहचान सत्यापन की मांग

Bankipur by-election: BJP writes to Returning Officer expressing apprehension about bogus voting; demands strict identity verification.

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को जारी उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान का सख्ती से सत्यापन कराने की मांग की है।

इस बीच निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा के प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर एवं डीसीएलआर, 182 बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी मतदान के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं।

पत्र में कहा गया है कि ऐसी गतिविधियां लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों के विपरीत हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव की भावना को कमजोर करती हैं। भाजपा ने चुनाव अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया के दौरान पहचान सत्यापन के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। पत्र में विशेष रूप से मांग की गई है कि प्रत्येक मतदाता से मूल मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रस्तुत कराया जाए और मतदान से पहले मतदाता सूची में दर्ज नाम एवं पहचान का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए। साथ ही सभी पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करने की भी अपील की गई है।

भाजपा ने इस पत्र की प्रति जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला मजिस्ट्रेट, पटना को भी भेजी है और मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। उधर, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, जबकि मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

Exit mobile version