October 18, 2026
Entertainment

कंटेस्टेंट के मुंह से ‘साहेब’ सुनकर चौंके बिग बी, जया बच्चन से कर दी ये डिमांड

अभिनेता अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति-18’ में होस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं। शो में अभिनेता ने मजेदार अंदाज में अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उनका भी मन है कि उनकी पत्नी और अभिनेत्री जया बच्चन मेगास्टार को ‘साहेब’ कहकर बुलाएं।

दरअसल, शो में एक कंटेस्टेंट से बातचीत के दौरान अभिनेता ने सवाल किया, “आप अपने साथ किसे लाई हैं आज?” कंटेस्टेंट ने बताया कि उनके साथ उनकी सास और 10 साल का बेटा दक्ष आया है और कहा, “वैसे तो साहेब (पति) आना चाहते थे लेकिन किसी काम की वजह से वो नहीं आ पाए।”

साहेब सुनकर मेगास्टार को जिज्ञासा हुई और उन्होंने पूछा, “साहेब कौन हैं?” कंटेस्टेंट ने बताया कि वह अपने पति राहुल को प्यार से ‘साहेब’ कहकर बुलाती हैं, तो मेगास्टार ने हंसते हुए कहा, “आप उनको साहेब बुलाती हैं?” इस बात पर रिएक्ट करते हुए मेगास्टार ने कहा कि वह कंटेस्टेंट से प्रेरणा लेंगे और अपनी पत्नी जया बच्चन से भी कहेंगे कि वह उन्हें इसी तरह बुलाया करें। आज ही रात घर जाकर मैं जया जी से कहने वाला हूं कि आप भी हमको साहेब बुलाया कीजिए, हमको बहुत अच्छा लगेगा।”

बता दें कि अमिताभ बच्चन और जया बच्चन भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और लंबे समय तक चलने वाली जोड़ियों में से एक हैं। दोनों पहली बार साल 1970 में पुणे के ‘फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ में मिले थे। इसके बाद वे फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर दोबारा मिले। फिल्म ‘जंजीर’ के दौरान एक-दूसरे के करीब आए। दोनों ने तय किया कि अगर ‘जंजीर’ हिट हुई, तो वे साथ में लंदन घूमने जाएंगे। जब अमिताभ ने यह बात अपने पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन को बताई, तो उन्होंने कहा कि यदि जया साथ जा रही हैं, तो वे पहले शादी करें।

3 जून 1973 को दोनों ने बेहद सादगी और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में शादी कर ली और इसके तुरंत बाद लंदन के लिए रवाना हो गए। शादी के बाद जया बच्चन ने अपने परिवार पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से दूरी बनानी शुरू की जबकि अमिताभ बच्चन भारतीय सिनेमा के ‘एंग्री यंग मैन’ और महानायक बने।

Leave feedback about this

  • Service