N1Live National शराबबंदी पर बिहार में छिड़ी सियासत: राजद विधायक सुनील सिंह के दावों पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया पलटवार
National

शराबबंदी पर बिहार में छिड़ी सियासत: राजद विधायक सुनील सिंह के दावों पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया पलटवार

Bihar liquor ban sparks political debate: Minister Dilip Jaiswal hits back at RJD MLA Sunil Singh's claims

27 फरवरी । बिहार में ‘शराबबंदी’ पर राजद विधायक सुनील सिंह के दावों के बाद सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “हो सकता है कि ऑनलाइन सिस्टम सुनील सिंह से अधिक प्रभावित हो।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबंधित कामों को ऑनलाइन करने वाले लोग दोषी होंगे।

इससे पहले, राजद विधायक सुनील सिंह ने दावा किया कि वे बिहार विधानसभा में ‘शराब की डिलीवरी’ करा देंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में शराब बंद होने के कारण सूखा नशा तेजी से बढ़ा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “2016 में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद शराब की खपत कम होने के बजाय यह कई गुना बढ़ गई है। शराब से ज्यादा ‘सूखा नशा’ युवाओं को बर्बाद कर रहा है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के बाद दिलीप जायसवाल ने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय कार्यक्रम नेपाल और बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती इलाकों में था। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास की चिंता की है। वहां रहने वाले लोगों के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य की सुविधा की चिंता सरकार कर रही है। उन्होंने अवैध रूप से रहने वाले लोगों को चिह्नित करने का भी ऐलान किया है।”

इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री मोदी के 100 मिलियन फॉलोअर्स होने पर दिलीप जायसवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के ऐसे बन गए हैं, जिनके 100 मिलियन फॉलोअर्स हो गए हैं, ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है। ये नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता है। यह तभी हो सकती है, जब इंसानियत और मानवता को लेते हुए भारत पूरी दुनिया में चौथी आर्थिक शक्ति और सुरक्षा शक्ति बन चुका है।”

उन्होंने आगे कहा, “पीएम मोदी को 25 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले, जो अपने आप में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए गौरव की बात है।”

Exit mobile version