N1Live National इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो में बिहार पवेलियन का उद्घाटन
National

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो में बिहार पवेलियन का उद्घाटन

Bihar Pavilion inaugurated at India AI Impact Summit & Expo

17 फरवरी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट और एक्सपो 2026 के तहत मंगलवार को बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया जा रहा है।

इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल और बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मौजूद रहेंगी। बिहार इस वैश्विक मंच पर अपनी एआई क्षमता और तकनीकी दृष्टि का प्रदर्शन कर रहा है।

राज्य सरकार के अनुसार, बिहार पूर्वी भारत में उभरते आईटी और एआई हब के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। समिट का आयोजन भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। 16 फरवरी को इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। बिहार इस मंच के जरिए ‘बिहार सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2026’ और ‘बिहार जीसीसी पॉलिसी 2026’ को बढ़ावा दे रहा है और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के साथ निवेश के अवसर तलाश रहा है।

समिट में 13 देशों की भागीदारी देखने को मिल रही है, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूके, फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्विट्जरलैंड और कई अफ्रीकी देश शामिल हैं। तीन प्रमुख थीम (लोग, ग्रह और प्रगति) पर आधारित 300 से अधिक क्यूरेटेड पवेलियन लगाए गए हैं। साथ ही 600 से ज्यादा हाई-पोटेंशियल स्टार्टअप्स अपने एआई मॉडल, समाधान और वैश्विक प्रभाव वाली तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। विशेषज्ञ इसे भारत की तेजी से बढ़ती एआई अर्थव्यवस्था का मजबूत संकेत मान रहे हैं।

समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान और तकनीक को जनहित से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बुद्धिमत्ता, तर्कशीलता और सही निर्णय क्षमता ही तकनीकी शोध को समाज के लिए उपयोगी बनाती है। एक संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुनने की इच्छा, ध्यान से सुनना, समझना, तर्क करना और निर्णय लेना, ये सभी गुण बुद्धि की नींव होते हैं।

Exit mobile version