June 25, 2026
National

कनाडाई उच्चायुक्त की भारत के वाणिज्य सचिव से मुलाकात, द्विपक्षीय व्यापारिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा

Canadian High Commissioner meets India’s Commerce Secretary; discusses strengthening bilateral trade partnership.

25 जून । कनाडा के उच्चायुक्त कूटर और भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कनाडा-भारत व्यापारिक साझेदारी को और मजबूत करने के नए तरीकों पर चर्चा की। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित कनाडा के उच्चायोग ने इसकी जानकारी दी।

बुधवार को हुई इस मुलाकात के मुख्य बिंदु का उल्लेख करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया गया कि इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और साझा समृद्धि को बढ़ावा देना है।

साथ ही उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की दिशा में आगे बढ़ने के साथ आने वाले समय में और प्रगति होगी।

बुधवार को भारत के वाणिज्य विभाग ने सचिव अग्रवाल संग हुई बैठक का जिक्र किया था। एक्स पर बताया कि अग्रवाल ने भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर से मुलाकात की। इस बैठक में भारत-कनाडा आर्थिक सहयोग को मजबूत करने, व्यापार और निवेश संबंधों को और गहरा करने तथा जारी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) वार्ता को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

वाणिज्य सचिव ने दोनों पक्षों के प्रयासों की सराहना की और मई में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की कनाडा यात्रा के सकारात्मक परिणामों का उल्लेख किया। इस यात्रा में अब तक के सबसे बड़े उच्चस्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था।

इसमें बताया गया कि नई गति के साथ भारत और कनाडा अपनी आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। दोनों देशों का साझा लक्ष्य द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है।

हाल ही में पीएम मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री के बीच मुलाकात हुई थी। फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई अच्छी प्रगति की समीक्षा की और व्यापार, ऊर्जा, नवाचार, शिक्षा तथा लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की।

इस दौरान मार्क कार्नी ने कहा कि दोनों देश मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में अच्छी प्रगति कर रहे हैं। भारत और कनाडा ने अपने रिश्तों को नई गति देने के संकेत दिए हैं और दोनों देशों के नेताओं ने जल्द ही मुक्त व्यापार समझौता पूरा होने को लेकर भरोसा जताया।

पिछले महीने कार्नी ने कहा था कि भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता कनाडा के कर्मचारियों और कारोबारों के लिए बड़ा बदलाव साबित होगा।

Leave feedback about this

  • Service