N1Live National कैप्टन विक्रम बत्रा जयंती: अमित शाह से सम्राट चौधरी तक ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा
National

कैप्टन विक्रम बत्रा जयंती: अमित शाह से सम्राट चौधरी तक ने दी श्रद्धांजलि, कहा- राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा

Captain Vikram Batra Jayanti: From Amit Shah to Samrat Chaudhary, tributes paid; hailed as an inspiration for placing national interest above all else.

कारगिल युद्ध के महानायक, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर बुधवार को पूरे देश ने उन्हें नमन किया। देश के गृह मंत्री अमित शाह से लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कई मुख्यमंत्रियों ने ‘शेरशाह’ के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें नमन। कारगिल युद्ध में उन्होंने न केवल रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण चोटियों पर विजय प्राप्त की, बल्कि अपने अद्वितीय नेतृत्व और शौर्य से साथी जवानों का मनोबल भी आसमान पर पहुंचाया। मात्र 24 वर्ष की आयु में मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति देने वाले ‘शेरशाह’ का जीवन सभी को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, “कारगिल की बर्फीली चोटियों पर देशप्रेम के अटूट भाव और अप्रतिम वीरता के साथ राष्ट्र की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले, परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। कैप्टन बत्रा का शौर्य और साहस आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “परमवीर चक्र से सम्मानित कारगिल युद्ध वीर कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।”

केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, “कारगिल युद्ध में अभूतपूर्व वीरता का परिचय देकर भारत की विजयगाथा लिखने वाले, परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं! माँ भारती की यह पुण्य धरा आप जैसे वीर सपूतों के पराक्रम से ही सुरक्षित है। आपकी अमर गाथा युगों-युगों तक देश की भावी पीढ़ियों को मातृभूमि की सेवा एवं रक्षा के लिए मर-मिटने की प्रेरणा देती रहेगी। वीर सपूत के चरणों में प्रणाम माँ भारती की यह पुण्य धरा ऐसे वीर सपूतों के पराक्रम से ही सुरक्षित है।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारगिल विजय के अमर नायक, परमवीर चक्र से सम्मानित, वीर योद्धा कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। कारगिल की चोटियों पर उनका पराक्रम हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम और शौर्य की भावना को सदैव जागृत करता रहेगा। जय हिंद!”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, कारगिल युद्ध के वीर योद्धा, परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उन्होंने अदम्य साहस और वीरता के साथ मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “देशभक्ति, साहस, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के प्रेरणादायक प्रतीक कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर कोटिशः नमन। आपका सर्वोच्च बलिदान और वीरता की असाधारण शौर्य गाथाएं चिरकाल तक हमें देश सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, “कारगिल युद्ध के नायक, पराक्रम और साहस के प्रतीक, ‘परमवीर चक्र’ से अलंकृत कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “कारगिल युद्ध के वीर योद्धा, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा जी की जयंती पर शत्-शत् नमन। मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की गाथा सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।”

Exit mobile version