कोलकाता के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा मुख्यालय में ‘जनता दरबार’ में लोगों की समस्याएं सुनीं। जिसको लेकर लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है।
‘जनता दरबार’ में अपनी समस्या लेकर आईं रूपा बनर्जी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हम लोग 2016 एसएससी के उम्मीदवार हैं। बीते आठ साल से हम लोग स्कूल में काम कर रहे थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हम लोगों की नौकरी चली गई। हमने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि हम लोगों की नौकरी बहाल की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया कि इस मामले में जो भी संभव हो, वह देखा जाएगा।
‘जनता दरबार’ में अपनी समस्या लेकर आईं सुबोश्री दत्ता रॉय ने कहा कि हम लोग मुख्यमंत्री से मिलने पश्चिम बंगाल रजिस्टर नर्सेज यूनिटी से आए हैं। बीते तीन वर्ष से नर्सेज की भर्ती प्रक्रिया बंद थी। बाद में भर्ती निकली तो हमने परीक्षा पास कर ली। लेकिन सिर्फ 48 प्रतिशत लोगों को नौकरी मिली है और बाकी जिन लोगों का नाम पैनल में है, उनको होल्ड कर दिया गया है। हमारी मांग है कि मुख्यमंत्री पैनल में होल्ड हुए लोगों का भी नियुक्ति कर दें।
‘जनता दरबार’ में आए दिव्यांग सौरभ चक्रवर्ती में कहा कि मैं सहायक अध्यापक की नौकरी करता हूं। मैं आसपास के इलाके में ट्रांसफर के लिए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देने आया हूं। घर से 400 किलोमीटर दूर मुर्शिदाबाद में पोस्टिंग है। बीते दो वर्ष से मैं परेशान हूं।
अपनी समस्या लेकर ‘जनता दरबार’ में आई सुचित्रा देव ने आईएएनएस से कहा कि नौकरी मिलने से अच्छा हो जाएगा। मैं नर्सिंग पास करके आई हूं।
बता दें कि ‘जनता दरबार’ में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मिलने आए। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्या सुनी और निदान का आश्वासन दिया।

