June 4, 2025
National

राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस को याद आ रहा संविधान : दिलीप जायसवाल

Congress is remembering the Constitution for political gains: Dilip Jaiswal

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविदास जयंती के अवसर पर विशेष बैठक आयोजित की। यह बैठक पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और मंत्री जनक राम की अगुवाई में रविदास समाज के प्रमुख नेताओं के साथ संवाद किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि रविदास समाज के नेताओं के साथ सकारात्मक चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा, “समाज के लोग पार्टी के साथ कैसे मजबूत तरीके से जुड़ें और उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाए, इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी आगामी चुनावों में हर वर्ग को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम कर रही है।

बैठक के दौरान दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस को संविधान की याद आ रही है, लेकिन शायद वह भूल गई है कि उसी कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को अपमानित कर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था।”

उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज के साथ सबसे अधिक अन्याय कांग्रेस ने ही किया है और अब वह केवल राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक मूल्यों की बात कर रही है।

भाजपा की इस पहल को आगामी चुनावों से पहले दलित समुदाय को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी ने संकेत दिया है कि रविदास समाज को संगठन में बड़ी भूमिका देने की योजना बनाई जा रही है।

इससे एक दिन पहले यानी 31 मई को बिहार भाजपा अध्यक्ष ने अपनी नई टीम की घोषणा की थी, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की नियुक्तियां की गई। इनमें कई नए-पुराने चेहरे शामिल किए गए थे।

भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल द्वारा घोषित नई टीम में पांच महामंत्री, 13 उपाध्यक्ष और 14 मंत्री बनाए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी टीम में जिन पांच लोगों को महामंत्री का दायित्व सौंपा है, उनमें राधा मोहन शर्मा, लाजवंती झा और राकेश कुमार के अलावा शिवेश राम और राजेश वर्मा शामिल हैं।

Leave feedback about this

  • Service