April 20, 2026
Entertainment

90 के दशक के खतरनाक विलेन : मुकेश ऋषि के अभिनय का हर कोई दीवाना

Dangerous villain of the 90s: Everyone is crazy about Mukesh Rishi’s acting

19 अप्रैल । भारतीय सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता मुकेश ऋषि 19 अप्रैल को अपना 70वां जन्मदिन मानाएंगे। उनका जन्म जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के एक छोटे से गांव में 19 अप्रैल 1956 को हुआ था। फिल्मी दुनिया के खूंखार विलेन का जब भी जिक्र किया जाएगा, तो उस लिस्ट में उनका नाम भी रहेगा। 1990 से 2000 के दशक तक उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। विलेन के अलावा, अपने करियर में उन्होंने कई सकारात्मक किरदार भी निभाए।

मुकेश के पिता एक बिजनेसमैन थे। उनके पिता की इच्छा थी कि बेटा बिजनेस में हाथ बंटाए। लेकिन मुकेश को तो कुछ और करना था। पढ़ाई में उनका मन बिल्कुल भी नहीं लगता था। क्रिकेट खेलना उनको काफी पसंद था। पंजाब विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम की कप्तानी करते थे। कुछ दिनों बाद उनके पिता मुंबई आ गए और उन्होंने अपना बिजनेस वहां खड़ा कर लिया। कॉलेज के बाद मुकेश भी बिजनेस के काम में पिता का हाथ बंटाने लगे। लेकिन उनका मन इस काम में बिल्कुल भी नहीं लगता था।

मुकेश फिजी चले गए और वहां उन्होंने एक डिपार्टमेंटल स्टोर में काम किया। फिजी में केशनी से उनकी मुलाकात हुई। बाद में मुकेश ने केशनी से शादी कर ली। फिजी में मुकेश काम के साथ मॉडलिंग भी करते थे। दोस्तों ने मुकेश को अभिनय करने की सलाह दी। पिता के निधन के बाद उन्होंने बिजनेस का काम भाई को संभालने को बोला और खुद अभिनय की दुनिया की ओर चल पड़े। उन्होंने एक्टिंग स्कूल में एडमिशन लिया, जहां उन्होंने अभिनय सीखा। इसके बाद वर्ष 1993 में यश चोपड़ा की फिल्म ‘परंपरा’ से अपने अभिनय की शुरुआत की।

मुकेश हिंदी सहित कई अन्य भाषाओं की फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। हिंदी सिनेमा में उन्होंने ‘परम्परा’, ‘बाजी’, ‘लोफर’, ‘घातक’, ‘विनाशक’, ‘लाल बादशाह’, ‘सरफरोश’, ‘सूर्यवंशम’, ‘कुरुक्षेत्र’, ‘दम’, ‘गर्व’ और ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हिंदी के अलावा उन्होंने तेलुगु में ‘इंद्रा’, ‘ओक्काडू’, ‘बनी’, ‘आर्या 2’ और महर्षि। तमिल में वल्लारासु, सिंघम 2 सहित कई भाषाओं की फिल्मों में अभिनय किया।

मुकेश ऋषि के पारिवारिक जीवन की बात करें तो उनकी पत्नी केशनी हैं। दोनों के एक बेटा और एक बेटी है। मुकेश ऋषि के बेटे राघव ऋषि पिता की तरह एक्टर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने इंडस्ट्री में साल 2019 में द ग्रेट इंडियन इस्केप से कदम रखा था। जबकि, उनकी बेटी म्यूजिशियन हैं।

Leave feedback about this

  • Service