August 30, 2026
National

दिल्ली: स्कूटी चोरी कर डिलीवरी बॉय को किराये पर देता था, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

Delhi: Accused arrested for stealing a scooter and renting it out to a delivery boy.

16 जुलाई । सेंट्रल जिला पुलिस और आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुंदर वरजानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की छह स्कूटी, चोरी का मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड और कई जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 95 हजार रुपए की धोखाधड़ी भी की थी।

पुलिस के मुताबिक, आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। इसी दौरान हाथी घाट, राजघाट से एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी होने के मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। नैटग्रिड और तकनीकी निगरानी की मदद से चोरी की स्कूटी की लोकेशन इंदिरा विकास कॉलोनी स्थित सेवा भारती के पास मिली।

15 जुलाई 2026 को पुलिस ने इलाके में जाल बिछाकर निगरानी की। इसी दौरान एक युवक चोरी की स्कूटी का लॉक खोलने की कोशिश करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुंदर वरजानी के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की स्कूटी अपने कब्जे में लेने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली। जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली और हरियाणा में वाहन चोरी के छह मामलों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भी खुलासा हुआ है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने स्कूटी चोरी करने के बाद उसमें रखा मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड भी चुरा लिया था। उसने मोबाइल का सुरक्षा लॉक तोड़कर बैंक खाते तक अनधिकृत पहुंच बनाई और करीब 95 हजार का फर्जी लेनदेन कर लिया। पुलिस अब पूरे धन के लेनदेन की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह रकम किन लोगों तक पहुंची।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह रिहायशी कॉलोनियों, रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे खड़ी बिना निगरानी वाली स्कूटियों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह वाहनों को कुछ समय के लिए छिपाकर रखता था और फिर अवैध कमाई के लिए उन्हें विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों से जुड़े डिलीवरी कर्मियों को किराये पर दे देता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से आईपी एस्टेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, वजीराबाद, करोल बाग, मुखर्जी नगर और हरियाणा के पानीपत के समालखा थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के छह मामलों का खुलासा हुआ है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपी के अन्य साथियों तथा उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service