July 22, 2026
National

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के खिलाफ धमकी भरा भाषण देने वाले डीएमके विधायक गिरफ्तार

DMK MLA arrested for delivering a speech threatening the Tamil Nadu Chief Minister.

तमिलनाडु में एक बड़ा राजनीतिक विवाद तब खड़ा हो गया, जब विलाथिकुलम से डीएमके विधायक मार्कंडेयन को सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। विधायक पर कोविलपट्टी में एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी करने का आरोप है।

सोशल मीडिया पर भाषण के वीडियो वायरल होने और उसके बाद बड़े पैमाने पर आलोचना और कार्रवाई की मांग उठने के बाद विधायक मार्कंडेयन को गिरफ्तार किया गया। बता दें कि रविवार रात को कोविलपट्टी के कृष्णन कोविल ग्राउंड्स में डीएमके की एक जनसभा हुई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक आई करुणानिधि ने की और इसमें पार्टी के यूनियन सेक्रेटरी बीकिलिपट्टी मुरुगेसन, राधाकृष्णन, जयकन्नन, सुब्रमण्यन, करुप्पासामी और चिन्नापांडियन शामिल थे।

सभा को संबोधित करते हुए मार्कंडेयन ने हाल की राजनीतिक घटनाओं और राज्य विधानसभा के कामकाज को लेकर मुख्यमंत्री विजय पर तीखा हमला किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने कथित तौर पर मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि अगर विधानसभा बुलाई गई तो ‘आपकी हड्डियां साबुत नहीं बचेंगी’। आगे दावा किया कि डीएमके विधायक ‘आपकी हड्डियां तोड़ देंगे और आपको वापस भेज देंगे’।

इन बयानों को मुख्यमंत्री के लिए सीधी धमकी के तौर पर देखा गया। रविवार रात सोशल मीडिया पर उनके भाषण के वीडियो तेजी से फैल गए, जिसकी राजनीतिक दलों और आम लोगों ने कड़ी निंदा की। आलोचकों ने विधायक पर संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ हिंसक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कई नेताओं ने तुरंत कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार तड़के विलाथिकुलम में उनके घर से मार्कंडेयन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विधायक के समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। समर्थक विधायक के घर के बाहर जमा हुए और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाए और पुलिस की गाड़ी को रोकने की कोशिश की।

पुलिस ने विधायक को ले जाने से पहले प्रदर्शनकारियों को हटाया और सड़क खाली कराई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मार्कांडेयन को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय ले जाया गया। उम्मीद है कि शुरुआती जांच पूरी होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। मौजूदा डीएमके विधायक की गिरफ्तारी ने तमिलनाडु में काफी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। इस विवाद ने सत्ताधारी सरकार और विपक्ष के बीच चल रहे टकराव को और बढ़ा दिया है।

Leave feedback about this

  • Service