N1Live Entertainment ‘बाहर निकलना सिर्फ एक भ्रम है’, कार्तिक सुब्बाराज ने जारी किया ‘गेम प्ले’ का फर्स्ट पोस्टर
Entertainment

‘बाहर निकलना सिर्फ एक भ्रम है’, कार्तिक सुब्बाराज ने जारी किया ‘गेम प्ले’ का फर्स्ट पोस्टर

'Exit is just an illusion', Karthik Subbaraj releases the first poster of 'Game Play'

21 मार्च । दक्षिण भारतीय सिनेमा में थ्रिलर और क्राइम-बेस्ड फिल्मों को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस बीच फिल्म ‘गेम प्ले’ काफी सुर्खियों में है, जो अपने अलग विषय और दमदार स्टारकास्ट की वजह से पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इस कड़ी में डायरेक्टर ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया है।

शुक्रवार को मशहूर डायरेक्टर कार्तिक सुब्बाराज ने इस फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया। ‘गेम प्ले’ एक फाइनेंशियल क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अभिनेता किशोर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। पोस्टर रिलीज होते ही फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

कार्तिक सुब्बाराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं और इस प्रोजेक्ट को खास बताया।

फिल्म के पोस्टर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पोस्टर पर दिलचस्प टैगलाइन, ‘बाहर निकलना सिर्फ एक भ्रम है’, दिया गया है। इसके अलावा, टूटे कांच भी दिखाए गए हैं, जिसमें किरदारों के अलग-अलग एक्सप्रेशन देखने को मिल रहे हैं, जो फिल्म के सस्पेंस और गंभीर माहौल की झलक देता है।

इस फिल्म का निर्देशन सिवनेसन एस कर रहे हैं। यह बतौर डायरेक्टर उनकी पहली फिल्म है। हालांकि, वह इससे पहले लोकप्रिय टीवी शो ‘नालैया इयाक्कुनार’ के कई सीजन डायरेक्ट कर चुके हैं और इंडस्ट्री में नए टैलेंट को गाइड करने के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि उनकी पहली फिल्म को लेकर लोगों के बीच खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है।

‘गेम प्ले’ को इनक्रेडिबल्स प्रोडक्शन्स प्रोड्यूस कर रही है। यह वही प्रोडक्शन हाउस है, जिसने 2019 में आई सफल क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘कालिदास’ बनाई थी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह नई फिल्म भी दर्शकों को एक मजबूत और दिलचस्प कहानी देगी।

‘गेम प्ले’ फिल्म की कहानी फाइनेंशियल क्राइम पर आधारित है और इसमें जांच-पड़ताल के साथ-साथ सस्पेंस का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि फिल्म में हर मोड़ पर नए ट्विस्ट होंगे, जिससे दर्शकों को लगातार कुछ नया देखने को मिलेगा।

Exit mobile version