May 9, 2026
Entertainment

‘माइकल’ देख भावुक हुए फरदीन खान, बच्चों को रूबरू कराया ‘दुनिया के सबसे बड़े परफॉर्मर’ के जादू से

Fardeen Khan gets emotional watching ‘Michael’, introduces kids to the magic of ‘the world’s greatest performer’

9 मई । माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित फिल्म ‘माइकल’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही काफी तारीफ बटोर रही है। आम दर्शकों के साथ-साथ मनोरंजन जगत के सितारे भी इस फिल्म की सराहना करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। गुरुवार को अभिनेता फरदीन खान ने फिल्म की सराहना करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट की।

अभिनेता ने बताया कि वह विशेष रूप से अपने बच्चों को यह फिल्म दिखाने ले गए थे ताकि वे जान सकें कि दुनिया का सबसे बड़ा ‘परफॉर्मर’ होना क्या होता है।

फरदीन ने लिखा, “कुछ दिन पहले मैं अपने बच्चों को फिल्म ‘माइकल’ दिखाने ले गया, जो माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित है। मैं चाहता था कि वे उस अनुभव को महसूस करें, जो मुझे लगता है कि दुनिया के सबसे बड़े परफॉर्मर को देखने जैसा होता था। सिर्फ उनका संगीत या डांस नहीं, बल्कि वह जादू जो उनके पूरे व्यक्तित्व में था।”

उन्होंने लिखा, “फिल्म देखकर मेरे बच्चे धीरे-धीरे उस कलाकार के पीछे छिपे संवेदनशील, अकेलापन, दबाव, अनुशासन और भावनाओं को समझने लगे।”

अभिनेता ने बताया कि इस अनुभव ने उन्हें सिनेमाघरों के पुराने महत्व की याद दिला दी। उन्होंने लिखा, “आज के डिजिटल युग में, जहां लोग मोबाइल पर फिल्में देखते हैं, एक अंधेरे थिएटर में अजनबियों के साथ बैठकर फिल्म देखना आज भी जादुई है। सिनेमा का यह सामूहिक अनुभव कोई अन्य तकनीक नहीं बदल सकती। ऐसी फिल्में सिर्फ मनोरंजन के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को यादों, भावनाओं, संगीत और अनुभव देती हैं। उन लोगों के लिए भी जो उस समय मौजूद नहीं थे।”

फरदीन ने बताया कि वे तब सबसे ज्यादा भावुक हो गए, जब उन्होंने घर आकर अपने बच्चों को माइकल जैक्सन के गानों पर थिरकते और उनके स्टेप्स कॉपी करते देखा। उन्होंने लिखा, “ऐसी फिल्में यादों और कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाती हैं। असली महानता समय और ट्रेंड से ऊपर होती है।”

अपनी बात समाप्त करते हुए फरदीन ने लिखा कि माइकल जैक्सन ने अपनी कला और संगीत से दुनिया को खुशियां दीं और इस तरह उन्होंने दुनिया को पहले से बेहतर बनाया। यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक महान विरासत का उत्सव है।

Leave feedback about this

  • Service