N1Live National आईपीएल उद्घाटन मैच पर अंतिम निर्णय आज, कैबिनेट बैठक पर टिकी निगाहें
National

आईपीएल उद्घाटन मैच पर अंतिम निर्णय आज, कैबिनेट बैठक पर टिकी निगाहें

Final decision on IPL opening match today, eyes on cabinet meeting

12 फरवरी । कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल के उद्घाटन मुकाबले की मेजबानी के प्रस्ताव पर उच्चस्तरीय बैठक की। इस संबंध में अंतिम निर्णय शाम को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद लिया जाएगा।

विधान सौधा में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने की। बैठक में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि 4 जून 2025 को आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद स्टेडियम में मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) तुषार गिरिनाथ, डीजीपी व आईजीपी एम.ए. सलीम, ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) आयुक्त महेश्वर राव, गृह सचिव के.वी. शरथ चंद्र, बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह, केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, केएससीए सचिव और आरसीबी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में गृह मंत्री परमेश्वर ने बताया कि भगदड़ की जांच के लिए गठित सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति माइकल डी’कुन्हा आयोग की प्रमुख सिफारिशों को लागू करने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा, “हमने केएससीए और आरसीबी को प्रमुख सिफारिशें लागू करने के निर्देश दिए हैं। कई बिंदुओं पर उन्होंने अनुपालन शुरू कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि कैबिनेट इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेगी। कैबिनेट ने गृह विभाग को परामर्श कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी सौंपी थी। मैं आज शाम कैबिनेट को जानकारी दूंगा, जिसके बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

परमेश्वर ने बताया कि आईपीएल परंपरा के अनुसार मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर उद्घाटन मुकाबला खेला जाता है। चूंकि आरसीबी ने खिताब जीता है, इसलिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में ओपनर कराने का प्रस्ताव है और इसके लिए सरकार से अनुमति मांगी गई है।

जीबीए अध्यक्ष महेश्वर राव की अध्यक्षता में गठित समिति, जिसमें पुलिस, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल थे, ने इस मुद्दे की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट पर गुरुवार की दो घंटे चली बैठक में विस्तार से विचार किया गया।

गृह मंत्री ने बताया कि कुछ सिफारिशें बुनियादी ढांचे से जुड़ी हैं, जैसे गेट, वॉकवे और होल्डिंग एरिया में सुधार, जबकि अन्य तत्काल लागू की जाने वाली व्यवस्थाएं हैं, जैसे एंबुलेंस की तैनाती, डॉक्टरों की उपलब्धता और ट्रायेज सुविधाएं। उन्होंने कहा, “इन मोर्चों पर कदम उठाए जाने की जानकारी दी गई है।”

किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जवाबदेही के सवाल पर परमेश्वर ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी आयोजनकर्ताओं- केएससीए और आरसीबी की होगी। उन्होंने कहा, “क्या सरकार जिम्मेदारी ले सकती है?”

उन्होंने दोहराया कि अल्पकालिक उपाय पूरे कर लिए गए हैं, जबकि मध्यम और दीर्घकालिक कार्य प्रगति पर हैं। कुछ काम मार्च तक पूरे हो सकते हैं, जबकि कुछ हिस्सों का ध्वस्तीकरण और पुनर्निर्माण जैसे कार्यों में अधिक समय लगेगा।

अब सभी की नजरें शाम को होने वाले कैबिनेट फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि क्या आईपीएल का उद्घाटन मुकाबला चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा या नहीं।

Exit mobile version