नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-63 के ए-4 ब्लॉक स्थित होरीशा ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की बिल्डिंग में देर रात आग लग गई। आग की शुरुआत बिल्डिंग की पहली मंजिल से हुई, जहां एक कूरियर कंपनी का कामकाज होता है। इसके अलावा दूसरी मंजिल पर स्थित मल्होत्रा इंडस्ट्रीज के परिसर तक भी आग पहुंच गई। आग लगते ही कंपनी परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती सूचना में कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई गई थी।
नोएडा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को रात 11 बजकर 46 मिनट पर डायल-112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि सेक्टर-63 के ए-4 ब्लॉक स्थित एक गारमेंट कंपनी में आग लगी है और कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आठ दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए काफी मशक्कत की और अंततः आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल विभाग की टीमों ने तत्परता से कार्रवाई की, जिससे आग पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

